
काठमांडू। दुनिया की सबसे ऊंची चोटी माउंट एवरेस्ट पर चढऩे के लिए सोमवार तक 79 महिलाओं समेत 441 पर्वतारोहियों को अनुमति दी गई है। नेपाल पर्यटन विभाग के निदेशक हिमाल गौतम के अनुसार, अब तक 55 देशों के 44 अभियानों को एवरेस्ट पर चढऩे की अनुमति दी गई है। उन्होंने कहा कि इनमें 12 महिलाओं समेत 75 भारतीय पर्वतारोही शामिल हैं। उन्होंने कहा कि पर्यटन विभाग ने इस सीजन में एवरेस्ट समेत 26 विभिन्न पर्वत चोटियों पर चढऩे के लिए 1,095 पर्वतारोहियों को अनुमति दी है। अब तक 8,000 से अधिक नेपाली और विदेशी पर्वतारोही एवरेस्ट पर चढ़ चुके हैं।
उन्होंने बताया कि सैकड़ों पर्वतारोही पहले ही एवरेस्ट के बेस कैंप तक पहुंच चुके हैं। वे एवरेस्ट पर चढऩे के लिए आगे बढ़ रहे हैं। इनमें से कुछ के 11 या 12 मई तक चोटी पर पहुंचने की उम्मीद है। पूर्वी नेपाल स्थित माउंट मकालू पर चढ़ाई के दौरान एक अमेरिकी पर्वतारोही की मौत हो गई। मार्च में शुरू हुए चढ़ाई सत्र में यह दूसरी मौत है। दुनिया के पांचवें सबसे ऊंचे पर्वत मकालू की चोटी 8,463 मीटर ऊंची है, जबकि सबसे ऊंची चोटी माउंट एवरेस्ट की ऊंचाई 8,849 मीटर है। अभियान के आयोजक मैडिसन माउंटेनियरिंग ने बताया कि 39 वर्षीय अलेक्जेंडर पैनको की रविवार को मौत हो गई।