
नईदिल्ली 0२ मार्च ।
सोमवार सुबह राजधानी में उस समय हडक़ंप मच गया, जब अलग-अलग इलाकों के 4 स्कूलों और एक बैंक को बम से उड़ाने की धमकी मिली। सूचना मिलते ही पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां मौके पर पहुंच गईं और सभी स्थानों पर सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया गया। सुबह करीब आठ बजे से साढ़े नौ बजे के बीच दिल्ली कैंट स्थित आर्मी पब्लिक स्कूल, मयूर विहार का सलवान पब्लिक स्कूल, जनकपुरी का मीरा पब्लिक स्कूल, बल्लीमारान स्थित राबिया गल्र्स स्कूल और बरामखंबा रोड स्थित स्टेट्समैन हाउस में एक्सिस बैंक को धमकी भरे संदेश मिले। धमकी मिलने के बाद स्कूल परिसरों को एहतियातन खाली कराया गया। छात्रों और स्टाफ को सुरक्षित स्थान पर भेजा गया, जबकि बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड की टीमों ने गहन तलाशी अभियान शुरू किया। बैंक परिसर की भी बारीकी से जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, अब तक किसी भी स्थान से कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है।
हालांकि, सुरक्षा के मद्देनजर सभी जगहों पर सर्च ऑपरेशन जारी है। प्रारंभिक जांच में धमकी के स्रोत का पता लगाने की कोशिश की जा रही है। साइबर टीम भी सक्रिय कर दी गई है, ताकि संदेश भेजने वाले की पहचान की जा सके। फिलहाल पुलिस लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और आधिकारिक जानकारी का इंतजार करने की अपील कर रही है।

















