जांजगीर। जांजगीर जिले के पामगढ़ थाना क्षेत्र में व्यापारी को खिलौना पिस्टल से धमकाने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोपी की पहचान कन्हैया कश्यप (25) निवासी चंडीपारा पामगढ़ के रूप में हुई है। मामला गत 26 अक्टूबर 2025 की रात का है, जब व्यापारी महेन्द्र मित्तल अपने परिवार के साथ रानीसती मंदिर, लछनपुर से लौट रहे थे। रात 9:05 बजे खोखसा ओवर ब्रिज के पास एक मोटरसाइकिल सवार ने उनकी कार के सामने वाहन रोक दिया और हथियार जैसी वस्तु निकालकर उन्हें डराने का प्रयास किया। व्यापारी ने मदद के लिए चिल्लाया, जिसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय के निर्देशन में थाना जांजगीर पुलिस और साइबर टीम को लगाया गया। साइबर टीम प्रभारी सागर पाठक के नेतृत्व में तकनीकी साधनों की मदद से आरोपी की पहचान की गई। पूछताछ में आरोपी ने जुर्म स्वीकार किया।

RO No. 13467/7