दिल्ली-यूपी में जमकर हो रही बारिश से जनजीवन प्रभावित, खराब मौसम के कारण तीन विमान जयपुर डायवर्ट, हिमाचल में हाहाकार

नई दिल्ली। दिल्ली और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में बुधवार को लगातार बारिश के कारण यातायात और उड़ान संचालन प्रभावित हुआ। भारी बारिश के कारण दिल्ली एनसीआर के क्षेत्र गुरुग्राम, फरीदाबाद, गाजियाबाद और नोएडा आदि में जगह जगह जलभराव हो गया। जिस वजह से लोगों को काफी परेशानी हुई। वहीं मौसम विभाग ने आज भी दिल्ली एनसीआर समेत यूपी के कई जिलों में भारी बारिश की आशंका जताई है। उत्तर पंजाब, उत्तर हरियाणा, उत्तर प्रदेश के कुछ भागों, पश्चिम मध्य प्रदेश, गुजरात, मध्य महाराष्ट्र, केरल, अंडमान व निकोबार द्वीप समूह और पूर्वोत्तर भारत में हल्की से मध्यम वर्षा संभव है। विदर्भ, तटीय कर्नाटक, कोंकण व गोवा, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में हल्की से मध्यम वर्षा के साथ एक-दो स्थानों पर भारी वर्षा हो सकती है।दिल्ली और उसके आसपास के क्षेत्रों में खराब मौसम के कारण बुधवार शाम तीन विमानों को जयपुर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतारा गया। जानकारी के अनुसार गोवा से दिल्ली जा रहा अकासा एयरलाइंस का विमान क्यूपी 1629, एअर इंडिया का भुज से दिल्ली के लिए उड़ान भरने वाला विमान एआइ-814 और कोलकाता से दिल्ली के लिए रवाना हुआ विमान एआइ-2768 को भी जयपुर में उतारा गया। इन विमानों को देर रात तक मौसम साफ़ होने की प्रतीक्षा में जयपुर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर खड़ा रखा गया।
शाम को सात बजे अत्यधिक वर्षा का रेड अलर्ट जारी कर दिया गया।

RO No. 13467/11