मादक द्रव्य पदार्थ का सेवन करने हेतु तीन मित्रो ने चुराया वाहन-जेल दाखिल

कोरबा । कोरबा जिले में मानिकपुर चौकी पुलिस क्षेत्र अंतर्गत पोखरी पारा गायत्री नगर बस्ती क्षेत्र में मादक द्रव्य पदार्थ का सेवन की लत पूरी करने के लिए तीन मित्रो ने एक वाहन चुरा लिया। मानिकपुर चौकी पुलिस ने तीनों कथित आरोपियों को वाहन सहित गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। जानकारी के अनुसार पोखरी पारा गायत्री नगर बस्ती निवासी टीपी नगर क्षेत्र गए थे। वापस आने पर उन्होंने अपना वाहन घर के बाहर खड़ी कर दी और भोजन करने अंदर चले गए। थोड़ी देर बाद जब वे बाहर आए, तो वाहन अपनी जगह पर नहीं था। आसपास पूछताछ और वाहन की तलाश की गयी, लेकिन जब वाहन नहीं मिला, तो उन्होंने मानिकपुर चौकी में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलने के बाद मानिकपुर चौकी पुलिस ने कथित आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि बस्ती में ही रहने वाले तीन युवक चोरी की वाहन पर सवार होकर घूम रहे हैं। पुलिस ने तत्काल कार्यवाही करते हुए तीनों युवकों को उसी क्षेत्र से पकड़ लिया। पूछताछ में उन्होंने वाहन चोरी करने की बात कबूल कर ली। गिरफ्तार किए गए कथित आरोपी मादक द्रव्य पदार्थ सेवन की अपनी लत को पूरा करने के लिए इस चोरी की घटना को अंजाम दिया था। वे चोरी किए गए वाहन को बेचकर पार्टी करने की फिराक में थे।मानिकपुर चौकी प्रभारी परमेश्वर राठौर ने बताया कि पंचराम यादव की शिकायत पर पुलिस ने जांच शुरू की थी। कथित आरोपियों को चोरी की वाहन पर घूमते हुए पकड़ा गया। उनके खिलाफ कानूनी कार्यवाही करते हुए तीनों को जेल भेज दिया गया है और चोरी किया गया वाहन जब्त कर लिया गया है।

RO No. 13467/11