
श्रीनगर। सुरक्षाबलों ने बेमिना में शनिवार को आतंकियों के तीन ओवरग्राउंड वर्करों को एक तलाशी अभियान के दौरान गिरफ्तार कर लिया। इन तीनों के पास से प्रतिबंधित आतंकी संगठनों के पोस्टर व अन्य आपत्तिजनक साजो सामान मिला है। तीनों से देर रात गए इस खबर के लिखे जाने तक पूछताछ जारी थी।
पुलिस ने तीन ओवरग्राउंड वर्करों की गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि आज एक विशेषज्ञ सूचना के आधार पर बेमिना में घेराबंदी कर तलाशी अभियान चलाया गया। इस अभियान के दौरान आतंकियों के तीन ओवरग्राउंड वर्करों को पकड़ा इनकी पहचान उवैस मुबारक इट्टू पुत्र मुबारक इट्टू निवासी पंडुशन शोपियां और हिलाल अहमद हज्जाम पुत्र अब्दुल रज्जाक हज्जाम व जावेद अहमद हज्जाम पुत्र मोहम्मद यूसुफ हज्जाम के रूप में हुई।
हिलाल व जावेद दोनां ही जिला बडगाम में ब्रेनवार चाडूरा के रहने वाले हैं। इन तीनों के पास से से प्रतिबंशित आतंक संगठनों के पोस्टर व अन्य आपत्तिजनक सामान मिला है।
हालांकि पुलिस ने पुष्टि नहीं की है,लेकिन बताया जा रहा है कि यह तीनों भी सीमा पार बैठे आतंकी हैंडलरों के साथ लगातार संपर्क में थे। यह तीनों बेमिना में अपने संपर्क सूत्रों और कुछ सक्रिय आतंकियों के साथ बैठक की तैयारी कर रहे थे कि सुरक्षाबलों ने इन्हें दबौच लिया।


















