नदी में गिरी कार, हादसे में तीन लोगों की मौत

शिमला 6 अगस्त । हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहां रोहड़ू क्षेत्र के चिडगांव के अंतर्गत पब्बर नदी में एक कार गिर गई। इस हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति घायल है। जानकारी के अनुसार, कार में चार लोग सवार थे। गौरतलब है कि हिमाचल में सुबह से ही बारिश का क्रम जारी है। आशंका जताई जा रही है कि गाड़ी खराब मौसम में फिसलकर नदी में गिरी है। फिलहाल दुर्घटनाग्रस्त वाहन को नदी से निकाला जा रहा है। पुलिस थाना रोहडू के अंतर्गत कल देर रात 12 बजे के करीब एचआर 02आर 8912 ऑल्टो कार दुर्घटनाग्रस्त हुई। कार में चार युवक सवार थे, जिनमें तीन की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति घायल अवस्था में मिला, जिसका नागरिक अस्पताल, रोहडू में इलाज जारी है। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल रोहडू पहुंचाया गया, पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं। दुर्घटनाग्रस्त गाड़ी को पब्बर नदी से क्रेन की मदद से पुलिस की मौजूदगी में बाहर निकाला गया।

RO No. 13467/11