
कलकत्ता , 0६ मार्च। कलकत्ता हाई कोर्ट द्वारा बंगाल पुलिस को संदेशखाली कांड के मुख्य आरोपित निलंबित तृणमूल कांग्रेस नेता शाहजहां शेख को सीबीआई को सौंपने का निर्देश दिए जाने के बाद भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने कहा कि शाहजहां जैसे लोग तृणमूल कांग्रेस के हर कार्यालय में हैं। पूनावाला ने मंगलवार को कहा, कलकत्ता हाई कोर्ट द्वारा शाहजहां के मामले को बंगाल पुलिस से सीबीआई को स्थानांतरित करने पर केवल एक ही प्रतिक्रिया है। सत्यमेव जयते… लेकिन सवाल यह है कि तृणमूल के हर कार्यालय में शाहजहां है जिन्हें तृणमूल द्वारा बचाया जा रहा है। पुलिस हिरासत में रहने के दौरान विक्ट्री साइन दिखाते शेख शाहजहां की तस्वीर दिखाते हुए पूनावाला ने कहा, यह तस्वीर शाहजहां की मानसिकता को दर्शाती है। ईडी ने शाहजहां शेख की 12.78 करोड़ रुपये की संपत्ति मनी लांड्रिंग के तहत प्रावधानिक तौर पर कुर्क की है। इनमें कोलकाता, संदेशखाली व ग्राम सरबेरिया में स्थित अपार्टमेंट, कृषि भूमि, मत्स्य पालन केंद्र, भूमि व भवन जैसी 14 अचल संपत्ति शामिल हैं। शाहजहां के दो बैंक खातों को भी फ्रीज किया गया है। जांच एजेंसी ने मंगलवार को एक्स पर इसकी जानकारी दी।

















