आज 10वीं बार बिहार के सीएम बनेंगे नीतीश कुमार, पीएम मोदी समेत बड़े नेताओं का होगा जमावड़ा; 20 मंत्री ले सकते हैं शपथ

पटना। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी गुरुवार को बिहार के राजनीतिक इतिहास में नया अध्याय जोड़ेंगे। मोदी गांधी मैदान में किसी मुख्यमंत्री के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने वाले पहले प्रधानमंत्री होंगे।

नई सरकार के गठन की तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं। आज गांधी मैदान में शपथ ग्रहण समारोह होने जा रहा है। सूत्रों के मुताबिक, 20 नवंबर को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ 20 मंत्री शपथ ले सकते हैं। समारोह में पीएम मोदी समेत तमाम बड़े नेता मौजूद रहेंगे।

विधानसभा चुनाव के नतीजों के बाद नई सरकार के गठन को लेकर जहां पूरे राज्य में उत्साह का माहौल है, वहीं प्रधानमंत्री की उपस्थिति इस समारोह को राष्ट्रीय महत्व का आयोजन बनाने जा रही है।

गांधी मैदान अब तक कई ऐतिहासिक राजनीतिक घटनाओं का साक्षी रहा है, लेकिन बिहार में यह पहली बार होगा जब देश का सर्वोच्च जनप्रतिनिधि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार व मंत्रिपरिषद के सदस्यों के शपथ ग्रहण का प्रत्यक्ष साक्षी बनेगा।

प्रधानमंत्री की उपस्थिति को देखते हुए सुरक्षा के अभूतपूर्व प्रबंध किए गए हैं। एसपीजी, एनएसजी और बिहार पुलिस की संयुक्त टीमों ने मैदान और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा की चाक-चौबंद व्यवस्था की है।

हजारों की संख्या में लोगों के आने की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने प्रवेश और निकास के लिए अलग-अलग मार्ग निर्धारित किए हैं। समारोह स्थल पर लगभग एक लाख से अधिक लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई है।

RO No. 13467/11