
पुलिस ने पास्को एक्ट में मामला दर्ज कर किया गिरफ्तार
कोरबा। महिला वर्ग के साथ हो रही हिंसक घटनाओं पर रोकथाम करने के लिए सरकार ने नियमों को कड़ा किया है और सजा को भी सख्त किया है, ताकि अपराधों की रोकथाम हो सके। इन सबके बावजूद कई मामलों में ऐसा लग रहा है कि मानसिकता में बहुत ज्यादा सुधार नहीं हो सका है। पसान क्षेत्र के एक गांव में पति ने अपनी पत्नी को प्रताडि़त कर बुआ के घर जाने को मजबूर कर दिया। नाराजगी जताने पति ने अपनी ही बेटी से दुष्कर्म कर डाला। पुलिस ने उसे पास्को एक्ट में गिरफ्तार किया है।
जिले के सीमांत क्षेत्र पसान के एक गांव में हुई इस घटना ने पुलिस के साथ-साथ जन सामान्य को सोचने के लिए मजबूर कर दिया। अब इस मामले में परिजनों सहित आसपास के लोग आरोपी को फांसी की सजा देने की मांग कर रहे हैं। खबर के अनुसार आरोपी के द्वारा कुछ समय से पत्नी पर जबरन शारीरिक संबंध बनाने का दबाव बना रहा था। उसके इनकार करने पर पति ने उसे शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताडि़त करना शुरू कर दिया। आए दिन मारपीट करने से महिला परेशान हो गई। घर का माहौल खराब होने और अपनी सुरक्षा को लेकर चिंतित पत्नी ने अपने बुआ के घर जाना उचित समझा। इसका दुष्परिणाम यह हुआ कि पति ने मानसिक कुंठा के चक्कर में बदले की भावना से ऐसा कुछ कर डाला जिसके साथ सामाजिक मर्यादाएं तार-तार हो गई। जानकारी मिली कि पत्नी की अनुपस्थिति में आरोपी ने नाबालिग बेटी से दुष्कर्म कर डाला। यह सब हाल में ही हुआ। पिता के वहशीपन के चक्कर में पीडि़ता कुछ देर चिल्लाने के बाद शांत हो गई। उसने यहां-वहां जानकारी को साझा करने से होने वाले नुकसान को ध्यान में रखा और घटना की रात ही फोन के माध्यम से अपनी मां को पूरी आपबीती बताई। बेटी की बात सुनकर घबराई हुई मां अगले ही दिन सुबह गांव लौटी। उसने अपनी बेटी को लेकर पसान थाना पहुंची, जहां उसने पूरे मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई।
पसान थाना प्रभारी एसके विश्वकर्मा ने बताया कि महिला संबंधी अपराध को गंभीरता से लिया गया। इसलिए पुलिस ने पॉक्सो एक्ट समेत संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है और उसे न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया जारी है।
लोगों ने की फांसी की सजा की मांग
नाबालिग से दुष्कर्म करने का यह मामला इसलिए और ज्यादा गंभीर है क्योंकि उसमें पिता ही आरोपी है। क्षेत्र में इसे लेकर आक्रोश की स्थिति है, लोगों ने फांसी की मांग की है। वहीं पुलिस प्रशासन ने पीडि़ता बच्ची को हर संभव सहायता और सुरक्षा देने का भरोसा दिलाया है। पीडि़ता का मेडिकल परीक्षण व काउंसलिंग भी कराई जा रही है।

























