
जनकपुर। मनेन्द्रगढ़ वन मण्डल अंतर्गत कुँवारपुर रेंज के पतवाही बीट के वन भूमि से ट्रेक्टर ट्राली में रेत भरकर अवैध परिवहन करने पर वन कर्मियों ने कार्यवाही की है। रेत से भरा ट्रेक्टर ट्राली को पकडक़र जब्त कर लिया है। प्राप्त जानकारी अनुसार कुंवारपुर रेंज के पतवाही बीट के कक्ष क्रमांक 1271 में पत्थर एवं रेत का अवैध उत्खनन और परिवहन किए जाने की लगातार शिकायत मिल रही थी।
वन मण्डलाधिकारी मनेन्द्रगढ़ मनीष कश्यप के निर्देश एवं वन परिक्षेत्र अधिकारी कुंवारपुर के मार्गदर्शन में वन कर्मियों की एक टीम का गठन कर जंगल में निगरानी कर रहे थे साथ ही विभागीय मुखबिरों को भी लगा दिए। मंगलवार को मुखबिर से टीम को सूचना मिलते ही वनपाल रामायण शर्मा और वन रक्षक राजेन्द्र सिंह ने दबिश देकर पतवाही बीट के कक्ष क्रमांक 1271 में रेत का अवैध उतखनन कर ट्रैक्टर ट्राली में भरकर अवैध परिवहन करते हुए पकड़ लिए और भारतीय वन अधिनियम 1927 की धारा 52 के तहत कार्यवाही कर ट्रेक्टर ट्राली को जब्त कर लिए। अवैध रूप से रेत का उतखनन एवं परिवहन में लगा ट्रेक्टर ट्राली जनकपुर निवासी अंकुश जायसवाल कि बताई जा रही है। इस सम्बन्ध में वन परिक्षेत्र अधिकारी भूपेंद्र यादव ने बताया कि वन क्षेत्र में किसी भी प्रकार का रेत-पत्थर का उत्खनन, परिवहन एवं पेड़ों को काटकर नष्ट करना या कि वन भूमि से छेड़छाड़ करना पूरी तरह प्रतिबंधित है। ऐसे मामलों में संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों पर कड़ी कानूनी कार्यवाही की जायेगी। किसी भी आरोपी को किसी भी परिस्थिति में बख्शा नहीं जायेगा। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की है कि वन संपदा की सुरक्षा में सहयोग करें और किसी भी अवैध गतिविधि की सूचना तुरंत वन विभाग को दें। वन अमले की इस कार्यवाही को क्षेत्र में अवैध उत्खनन पर महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।





















