
साहिबाबाद, ११ मार्च ।
गर्मी शुरू होते ही ट्रांस हिंडन की बिजली कटौती चरमरा गई है। मंगलवार को भी विभिन्न इलाकों में अंधाधुंध कटौती हुई। बिन बिजली के एसी, पंखे व कूलर नहीं चलने से लोगों के पसीने छूट गए। लोग विद्युत निगम के अधिकारियों से बिजली आपूर्ति सामान्य करने की गुहार लगाते रहे, लेकिन स्थिति जस की तस बनी रही। इंदिरापुरम के कई क्षेत्रों में मेंटेनेंस कार्य किए गए। इससे यहां सुबह 10 बजे से शाम करीब पांच बजे तक बिजली आपूर्ति प्रभावित रही। शिप्रा सनसिटी के विद्युत उपकेंद्र के फीडर-दो व नौ की लाइन का मेंटेनेंस कार्य किया गया। इससे शिप्रा सनसिटी कंपाउंड की सुबह 10 से दोपहर दो बजे तक बिजली कटी। करीब चार घंटे बिजली कटौती होने से यहां के लोगों को परेशानी झेलनी पड़ी। अहिंसा खंड स्थित विद्युत उपकेंद्र के फीडर-तीन व पांच के ट्रांसफार्मर का मेंटेनेंस, पेड़ों की छंटाई व जंपरों की जांच व बदलने का कार्य किया गया। इससे बालाजी सोसायटी, गुलमोहर एजेंटिका, मरकरी क्लाउड, दिव्यांश, श्याम, एंजल जुपिटर, एसपीएस सोसायटी की बिजली आपूर्ति दोपहर दो से करीब पांच बजे तक प्रभावित रही।इन सोसायटी में बिजली नहीं होने पर जेनरेटर सेट चलाकर पावर सप्लाई की गई। एंजल जुपिटर सोसायटी के महेश कुमार ने बताया कि जेनरेटर की बिजली बहुत महंगी पड़ती है। आए दिन बिजली कटौती ने परेशानी के साथ ही आर्थिक बोझ भी बढ़ा दिया है।वैशाली सेक्टर-छह में बिजनेस प्लान 2024-25 के अंतर्गत नये कंडक्टर बदलने का कार्य किया गया। इससे रामप्रस्थ की सुबह 11 बजे से दोपहर तीन बजे तक करीब चार घंटे आपूर्ति प्रभावित रही। स्थानीय निवासी संतोष ने बताया कि बिन बिजली के गर्मी में पसीने छूट रहे हैं और अधिकारी के मेंटेनेंस कार्य ही खत्म नहीं हो रहे हैं।

















