ट्रांसपोर्टर के 5 वर्षीय बेटे की हत्या: नौकरी से निकालने और थप्पड़ का बदला लिया चालक ने, 24 घंटे में गिरफ्तार

नईदिल्ली, २४ अक्टूबर ।
नरेला थाना क्षेत्र में ट्रांसपोर्टर के पांच वर्षीय बेटे की हत्या के मामले को पुलिस ने 24 घंटे के भीतर सुलझा लिया है। पुलिस ने हत्या के आरोप में बच्चे के पिता के यहां टेंपो चलाने वाले चालक को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपित के पास से खून से सने कपड़े भी बरामद किए गए हैं। पूछताछ के दौरान आरोपित ने पुलिस को बताया कि बच्चे के पिता ने उसे एक महीने पहले नौकरी से निकाल दिया था, इसके साथ ही उसे थप्पड़ भी मारे थे। जिसका बदला लेने के लिए आरोपित ने इस वारदात को अंजाम दिया है। पुलिस ने आरोपित को हत्या समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है। बाहरी-उत्तरी जिला पुलिस उपायुक्त हरेश्वर वी स्वामी ने बताया कि मंगलवार दोपहर करीब 3.30 बजे नरेला पुलिस को बच्चे के अपहरण की सूचना मिली थी। जांच में पता चला कि एक ट्रांसपोर्टर का बेटा उनके घर के बाहर खेलते हुए लापता हो गया। कुछ देर बाद बच्चे का शव पास ही रहने वाले पीडि़त के चालक नीतू के कमरे से बरामद हुई। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपित नीतू सहाय (28) मूल रूप से बिहार के मधुबनी जिले के पोखरौनी गांव का रहने वाला है, जो यहां नरेला के न्यू सन्नोठ कालोनी स्थित गोघा मोड़ के पास किराये के कमरे में रहता था। जो पीडि़त ट्रांसपोर्टर की महिंद्रा चैंपियन गाड़ी चलाता था, लेकिन एक महीने पहले उसे काम से निकाल दिया गया था। आरोपित शराब पीने का आदी और झगड़ालू स्वभाव का है। पुलिस जांच में पता चला कि 20 अक्टूबर की शाम आरोपित का ट्रांसपोर्टर के दूसरे चालक वसीम से झगड़ा हुआ था। वसीम ने शिकायत की तो ट्रांसपोर्टर ने नीतू को फटकार लगाई और दो-चार थप्पड़ मारे। इससे नाराज होकर आरोपित ने बदला लेने की ठान ली। पुलिस जांच में पता चला कि जब बच्चा 21 अक्टूबर की दोपहर में अपने घर के बाहर खेल रहा था।
तभी आरोपित वहां पहुंचा। जिसने बच्चे को बहला-फुसलाकर अपने कमरे में ले गया। जहां उसने ईंट से सिर कुचला, फिर चाकू से गला रेतकर पेट में कई चाकू मारकर हत्या कर दी। पुलिस उपायुक्त हरेश्वर वी स्वामी के निर्देश पर थाना नरेला, एएटीएस और स्पेशल स्टाफ की संयुक्त टीम बनाई गई। टीमों ने बस अड्डों, रेलवे स्टेशनों और इंटरस्टेट रूट्स पर निगरानी बढ़ाई। तकनीकी निगरानी, सीसीटीवी फुटेज और गुप्त सूचना के आधार पर आरोपित की लोकेशन मलकागंज क्षेत्र में ट्रेस की गई।पुलिस टीम ने वहां दबिश दी और आरोपित नीतू सहाय को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने अपराध कबूल कर लिया। पुलिस ने उसके पास से खून से सने कपड़े बरामद किए हैं। फिलहाल आरोपित से पूछताछ जारी है और वारदात में इस्तेमाल हथियार की बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं।

RO No. 13467/11