
सक्ती। हर घर तिरंगा, घर-घर तिरंगा अभियान के सफल आयोजन के लिए भाजपा जिला सक्ती ने कार्यशाला का आयोजन किया। यह कार्यशाला भाजपा जिला कार्यालय सक्ती में आयोजित हुई, जिसमें मुख्य वक्ता के रूप में प्रदेश उपाध्यक्ष निर्मल सिन्हा और प्रदेश मीडिया पैनलिस्ट संयोगिता सिंह जूदेव उपस्थित रहीं।
कार्यशाला में कार्यकर्ताओं को नगर और ग्रामीण क्षेत्रों में तिरंगा यात्रा निकालने, अधिक से अधिक घरों में झंडा लगाने और देशभक्ति की भावना जागृत करने दिशा-निर्देश दिए। प्रदेश उपाध्यक्ष निर्मल सिन्हा ने कहा कि 10 से 14 अगस्त तक हर मंडल में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी और 13 से 15 अगस्त तक सभी घरों व प्रतिष्ठानों पर तिरंगा फहराने की जिम्मेदारी कार्यकर्ताओं को निभानी होगी।
उन्होंने विशेष रूप से बच्चों से ध्वजारोहण कराने और 15 अगस्त की शाम को तिरंगे को सम्मानपूर्वक उतारने का आग्रह किया। साथ ही, 12 से 14 अगस्त तक स्वतंत्रता संग्राम से जुड़े स्थलों पर स्वच्छता अभियान चलाने और अधिक से अधिक पौधरोपण करने की अपील की। कार्यक्रम का संचालन जिला मंत्री नेतराम चंद्रा ने किया और आभार जनपद अध्यक्ष कवि शरण वर्मा ने व्यक्त किया। इस दौरान जिला उपाध्यक्ष भूषण चंद्रा, अमृतलाल चंद्रा, संजय रामचंद्र, जिला पंचायत अध्यक्ष द्रौपदी कीर्तन चंद्रा, जनपद अध्यक्ष पुष्पा परदेशी खूंटे, अन्नपूर्णा राठौर, रूपा सिंहदेव, रामनरेश यादव, लोकेश साहू, समेत मंडल अध्यक्ष, महिला मोर्चा, युवा मोर्चा, जिला व मंडल पदाधिकारी, सभी प्रकोष्ठों के प्रमुख, कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
तिरंगा यात्रा की चरणबद्ध तरीके से जानकारी दी प्रदेश मीडिया पैनलिस्ट संयोगिता सिंह जूदेव ने तिरंगा यात्रा के चरणबद्ध कार्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अभियान स्वतंत्रता का उत्सव स्वच्छता के संग थीम पर आधारित होगा। सभी कार्यकर्ता घर-घर जाकर तिरंगा लगाने के साथ ही तिरंगा सेल्फी अभियान में भाग लेंगे और फोटो भाजपा के व्हाट्सएप ग्रुप में साझा करेंगे। वरिष्ठ भाजपा नेता रामावतार अग्रवाल ने कहा कि तिरंगा लगाते समय पूरे परिवार की भागीदारी सुनिश्चित हो, जिससे बच्चों में देशप्रेम की भावना बचपन से विकसित हो।