
सूरजपुर। श्रद्धालुओं को लेकर बनारस जा रही एक यात्री बस सोमवार देर रात सडक़ हादसे का शिकार हो गई। अंबिकापुर-बनारस मार्ग पर गंगापुर के पास पीछे से आ रहे एक ट्रक ने बस को टक्कर मार दी, जिससे बस अनियंत्रित होकर सडक़ किनारे पेड़ से जा टकराई। इस दुर्घटना में लगभग 15 श्रद्धालु घायल हो गए, जबकि एक गंभीर रूप से घायल यात्री की अंबिकापुर में इलाज के दौरान मौत हो गई। हादसा लटोरी पुलिस चौकी क्षेत्र में हुआ। दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय प्रशासन मौके पर पहुंचा और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया गया। घायलों को तत्काल एंबुलेंस के माध्यम से अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया, जहां सभी का उपचार जारी है। अस्पताल सूत्रों के अनुसार, कुछ घायलों की हालत स्थिर बताई जा रही है, जबकि अन्य का उपचार निगरानी में किया जा रहा है।
























