ट्रंप ने भाषण से छेड़छाड़ विवाद पर बीबीसी अधिकारियों को फटकारा

वॉशिंगटन। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बीबीसी द्वारा उनका छेड़छाड़ किया गया भाषण प्रसारित करने के विवाद पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। ट्रंप ने इसके लिए जिम्मेदार बीबीसी अधिकारियों को लताड़ा और उन्हें बेईमान कह दिया। आरोप है कि बीबीसी ने साल 2021 में ट्रंप द्वारा दिए गए भाषण में काट-छांट कर उसे प्रसारित किया। अब इसके खुलासे के बाद इस पर हंगामा हो गया है। विवाद के बाद बीबीसी के दो शीर्ष अधिकारियों ने इस्तीफा दे दिया है। सोशल मीडिया मंच ट्रुथ सोशल पर साझा एक पोस्ट में ट्रंप ने लिखा कि बीबीसी के शीर्ष लोग, जिनमें टिम डेविड, जो बॉस थे, और अन्य सभी ने इस्तीफा दे दिया है या उन्हें नौकरी से निकाल दिया गया है, क्योंकि वे मेरे 6 जनवरी के अच्छे भाषण से छेड़छाड़ करते पाए गए। इन भ्रष्ट पत्रकारों का भंडाफोड़ करने के लिए टेलीग्राफ का धन्यवाद। इन बेईमान लोगों ने राष्ट्रपति चुनाव में दखल देने की कोशिश की। सबसे बड़ी बात ये लोग उस देश से हैं, जो हमारा सबसे करीबी सहयोगी है। लोकतंत्र के लिए यह कितनी भयावह बात है।

RO No. 13467/ 8