दंतैल हाथियों ने फिर ढहाया मकान

कोरबा। पड़ोसी गौरेला पेण्ड्रा मरवाही जिले से आये दंतैल हाथियों ने बीती रात पसान रेंज के तवरिहा गांव में उत्पात मचाते हुए जहां एक ग्रामीण के घर को ढहा दिया वहीं एक अन्य के परछी को छतिग्रस्त कर दिया है। हाथियों का आतंक क्षेत्र में लगातार बढ़ता जा रहा है। जानकारी के अनुसार तीन दंतैल हाथी इस महिने की 4 दिसंबर को मरवाही रेंज की सीमा को पार कर पहुंचे है। तब से लगातार क्षेत्र में उत्पात मचाकर ग्रामीणों तथा वन विभाग के नाकों में दम कर रखें है। हाथी प्रतिदिन किसी न किसी गांव में प्रवेश कर या तो घर को क्षतिग्रस्त कर दे रहें है, या खलिहान में रखे धान को चट कर रहे है। जिससे ग्रामीण बेहद परेशान है। उन्हें आर्थीक नुकसान भी झेलना पड़ रहा है। ग्रामीणों द्वारा सुरक्षा की गुहार लगातार लगाई जा रही है लेकिन न तो वन विभाग उन्हें राहत दे रहा है और न ही प्रशासन जिससे ग्रामीणों की दिक्कतें और भी बड़ती जा रही है। क्षेत्र में मौजूद उत्पाती हाथी ऐसे समय में ग्रामीणों के धान को नुकसान पहुंचा रहे है जब ग्रामीण उसे खेतों से काटकर खलिहान में ले आये है और उसे मिसाई कर धान खरीदी केंद्रों में बिक्री हेतु ले जाने की तैयारी में है। पीडि़त ग्रामीणों द्वारा तवरिहा में दंतैल हाथियों के आने तथा घर तोड़े जाने की सूचना दिये जाने पर वन विभाग के अधिकारी व कर्मचारी आज सुबह मौके पर पहुंचे और हाथियों द्वारा रात में किये गये नुकसानी का आकंलन करने के साथ रिपोर्ट तैयार की जिसे अधिकारियों को सौंपा जायेगा। इससे पहले हाथियों ने तरईनार गांव में पहुंचकर कल दो ग्रामीणों के घर को निशाना बनाते हुए ढहा दिया था। इस घटना में मकान मालिक व उसके परिवार के सदस्य बाल-बाल बच गये थे।

RO No. 13467/10