
बलौदाबाजार। जिले में मंगलवार को हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पुलिस महकमे को गहरे सदमे में डाल दिया। छत्तीसगढ़ पुलिस के दो आरक्षकों की ड्यूटी के दौरान ट्रक की टक्कर से मौत हो गई।
घटना हथबंद थाना क्षेत्र के उड़ेला–पौसरी मार्ग पर हुई।जानकारी के मुताबिक आरक्षक क्रमांक 377 धर्मेंद्र यादव जिला साइबर सेल में पदस्थ थे, और आरक्षक क्रमांक 809 प्रशांत धर दीवान हथबंद थाने में। दोनों एक मामले की जांच के सिलसिले में मोटरसाइकिल से निकले थे। आज सुबह करीब 11 बजे सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों जवान सड़क पर दूर जा गिरे।
हादसे में धर्मेंद्र यादव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल प्रशांत धर दीवान को प्राथमिक उपचार के बाद रायपुर रेफर किया गया। इलाज के दौरान उन्होंने भी दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की गई।
जिला पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता ने घटना पर गहरा दु:ख व्यक्त करते हुए कहा कि विभाग ने दो कर्तव्यनिष्ठ और समर्पित जवान खो दिए हैं। उन्होंने परिजनों को हर संभव सहायता देने का आश्वासन दिया और दुर्घटना की विस्तृत जांच के निर्देश दिए हैं।
धर्मेंद्र यादव बेमेतरा जिले के ग्राम परसबोड़ (थाना साजा) के निवासी थे, जबकि प्रशांत धर दीवान नवागढ़ क्षेत्र से थे। दोनों अपने परिवार के मुख्य सहारा थे। पुलिस ने ट्रक चालक और वाहन की पहचान के लिए प्रयास तेज कर दिए हैं।
























