
जम्मू। मध्य कश्मीर के श्रीनगर और दक्षिण कश्मीर के शोपियां जिलों में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के दो जवानों ने कथित तौर पर अपनी सर्विस राइफल से खुद को गोली मार दी, जिससे उनकी मौत हो गई। दोनों मामलों में पुलिस मौत के कारणों की जांच कर रही है। अधिकारियों के अनुसार श्रीनगर शहर के परिमपोरा पुलिस स्टेशन परिसर के भीतर स्थित एक कंपनी में तैनात सीआरपीएफ जवान हरि ओम ने कथित रूप से अपनी सर्विस राइफल से खुद को गोली मार ली। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।एक अन्य घटना में सीआरपीएफ जवान मनीष ने शोपियां जिले के बाटापोरा इलाके में स्थित एक कैंप में अपनी सर्विस हथियार से खुद को गोली मार ली। इस घटना में भी उनकी मौके पर ही मौत हो गई।अधिकारियों के अनुसार दोनों जवानों द्वारा यह कदम उठाने के पीछे के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है। मामले की जांच की जा रही है।
























