अनाथ आश्रम के 2 किशोरियों की मौत, दो दर्जन बच्चे बीमार

लखनऊ। लखनऊ के पारा स्थित बुद्धेश्वर निर्वाण रिहैबिलिटेशन सेंटर के 24 बच्चों की तबीयत बिगड़ गई। मंगलवार को उल्टी-दस्त और पेट में दर्द समेत दूसरी दिक्कतों के बाद सबको लोकबंधु अस्पताल में भर्ती कराया गया। 24 घंटे में इलाज के दौरान 16 साल की रेनू और दीपा की मृत्यु हो गई। स्‍वास्‍थ्‍य विभाग के लोगों का कहना है कि आश्रम में बच्‍चे 10 दिन से पेट दर्द, उल्‍टी जैसी शिकायतें कर रहे थे। लेकिन इसे गंभीरता से नहीं लिया गया। उल्‍टी के साथ कुछ बच्‍चों के पेट से कीड़े भी निकले। दोनों किशोरियों के शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। डेथ ऑडिट कराया जा रहा है। विभागीय जांच के आदेश भी दिए गए हैं।
दो बालिकाओं की हालत गंभीर है, जिन्हें रेफर किया गया है। फूड प्वाइजनिंग की आशंका जताई जा रही है। निर्वाण संस्था में अनाथ मानसिक रूप से कमजोर बच्चों को आश्रय दिया जाता है। यहां 147 बच्चे हैं। 21 मार्च को चार बच्चों की तबीयत बिगड़ी। उन्हें लोकबंधु अस्पताल लाया गया। फिर चार और बच्चों को 22 मार्च को भर्ती कराया गया। इसके बाद बच्चों के बीमार होने का सिलसिला शुरू हो गया। बुधवार तक 24 बच्चों को लोकबंधु अस्पताल में भर्ती कराया गया। इनमें से दो की मृत्यु हो गई। तबीयत में सुधार के बाद पांच बच्चों को डिस्चार्ज कर दिया गया है।

RO No. 13467/9