
सूरजपुर। कुमली वाटरफॉल स्थित वन विभाग के रेस्ट हाउस में हुए अश्लील डांस और शराब पार्टी के वायरल वीडियो मामले में विभाग ने कड़ी कार्रवाई की है। इस प्रकरण में डिप्टी रेंजर रविशंकर तिवारी और वनपाल शैलेश टीना लकड़ा को निलंबित कर दिया गया है, जबकि रामानुजनगर के तत्कालीन रेंजर आर.सी. प्रजापति को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए वन मंडल अधिकारी डीएफओ ने पुलिस अधीक्षक को पत्र लिखकर वीडियो में नजर आ रहे लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने का आग्रह किया है। वायरल वीडियो सामने आने के बाद पूरे इलाके में हडक़ंप मच गया था। बताया जा रहा है कि सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रहे इस वीडियो में वन विभाग के रेस्ट हाउस के भीतर बार बालाओं का अश्लील डांस और शराब पार्टी साफ दिखाई दे रही है। हालांकि विभाग का कहना है कि यह वीडियो वर्तमान समय का नहीं बल्कि पुराना है, लेकिन इसके बावजूद नियमों के उल्लंघन को गंभीरता से लिया गया है। इस घटना ने वन विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं।





























