
पटना। मनेर थाना क्षेत्र के श्रीनगर, देवी मंदिर के पास एनएच 30 मनेर-दानापुर मार्ग पर शनिवार की रात तेज रफ्तार में दो ट्रकों के बीच आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर के बाद एक ट्रक पीछे से आ रही एक ऑटो से भी टकरा गया। इस दुर्घटना में ट्रक ड्राइवर और ऑटो सवार सहित आधा दर्जन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया। इनमें से एक ट्रक चालक की इलाज के दौरान मौत हो गई। दुर्घटना के बाद मुख्य सड़क पर काफी देर तक जाम की समस्या उत्पन्न हो गई। घटना की सूचना मिलते ही मनेर थानाध्यक्ष रजनीश कुमार और उनकी पुलिस टीम ने तुरंत घायलों को मनेर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। वहां से दोनों ट्रक के चालकों को पटना रेफर कर दिया गया। जेसीबी मशीन की मदद से दोनों ट्रकों को सड़क के किनारे कर यातायात को सुचारू किया गया।
दुर्घटना में मृतक ट्रक चालक की पहचान मनेर के रामपुर दियारा तोफिर पंचायत स्थित हुलासी टोला गांव निवासी दिलीप राय के 24 वर्षीय पुत्र राहुल कुमार के रूप में हुई है। वहीं, घायल सोनू कुमार, बसंती देवी सहित अन्य लोग भी शामिल हैं। ट्रक ड्राइवर की मौत के बाद परिवार में कोहराम मच गया है।


























