
कोरबा। नेशनल हाइवे-130 में कोरबा से 90 किलोमीटर दूर मोरगा क्षेत्र में मध्य रात्रि को दो चारपहिया गाडिय़ों की करारी भिड़ंत हो गई। झरना मोड़ के पास हुए हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पीडि़तों को पोड़ी उपरोड़ा सीएचसी में उपचार दिया गया। इनमें से दो को मेडिकल कॉलेज कोरबा रेफर किया गया। घटना पर मोरगा पुलिस ने अपराध दर्ज किया है।
बांगो थाना क्षेत्र की मोरगा चौकी क्षेत्र अंतर्गत केंदई नेशनल हाईवे पर पिछली रात 12 बजे के लगभग झरना मोड़ के पास यह हादसा हुआ। जानकारी मिली कि पुटा गांव में आयोजित वैवाहिक समारोह में हिस्सा लेने के लिए कुछ लोग चारपहिया वाहन से पहुंचे थे और इसके बाद कोरबी लौट रहे थे। मोरगा के पास इनकी गाड़ी की एक दूसरी कार से टक्कर हो गई। दुर्घटना में दोनों कारें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। हालांकि, दोनों वाहनों के एयरबैग खुल गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर भीड़ जमा हो गई। तत्काल मोरगा चौकी पुलिस और 112 नंबर पर सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस को बुलाकर घायलों को अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने सभी घायलों को एंबुलेंस के जरिए पोड़ी उपरोड़ा स्थित स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद दो गंभीर घायलों को बेहतर इलाज के लिए जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया है।
हमारे संवाददाता ने बताया कि आल्टो 100 कार में चार लोग सवार थे, जिसमें दो की मौत हो गई और दो गंभीर रूप से घायल हुए हैं। वहीं दूसरी कार में तीन लोग सवार थे और ये तीनों घायल हो गए। दोनों वाहनों में सवार लोग कोरबी क्षेत्र के निवासी हैं। मृतकों में एक की पहचान धन सिंह यादव के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार को हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है। मोरगा चौकी प्रभारी मंगतू राम ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम देर रात मौके पर पहुंची। मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए पोड़ी उपरोड़ा मच्र्यूरी भेजे गए हैं। आज सुबह कानूनी कार्रवाई और आगे की जांच की जा रही है।


















