
कोरबा। प्रदेश के कैबिनेट मंत्री सह कोरबा नगर विधायक लखनलाल देवांगन ने कोरबा नगर निगम क्षेत्र अंतर्गत वार्ड क्रमांक 25 शिवाजी नगर एवं वार्ड क्रमांक 27 महाराणा प्रताप नगर कॉलोनी की बहुप्रतीक्षित नई सीवरेज लाइन निर्माण 14.40 करोड़ के लागत के कार्य का नारियल तोडक़र शुभारम्भ किया।
एम.पी. नगर स्थित उद्यान में आयोजित कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री श्री देवांगन ने सम्बोधित करते हुए कहा की दोनों ही कॉलोनी आज शहर के मुख्य आवासीय कॉलोनी हैं, लेकिन यहां की सीवरेज लाइन की समस्या विगत कुछ वर्षो से बदहाल थी। कॉलोनी की लंबे समय से नई सीवरेज लाइन के निर्माण की मांग थी। विधानसभा चुनाव में जब मुझे आप सभी के बीच संवाद कर आशीर्वाद प्राप्त करने का अवसर मिला था तब आप सभी ने इस बहुप्रतीक्षित कार्य की मांग करी थी। तब मैंने वादा किया था की नई सीवरेज लाइन का निर्माण हर हाल में किया जाएगा। आप सभी को बताते हुए हर्ष हो रहा है की इस बहुप्रतीक्षित कार्य को लेकर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने 15वें वित्त आयोग मद से तत्काल राशि की स्वीकृति प्रदान की और आज इस कार्य का शुभारम्भ किया जा रहा है।
दोनों ही कॉलोनी के 3350 मकानों की नई सीवरेज लाइन का लाभ मिलेगा। 14.4 किलोमीटर लंबी सीवरेज लाइन का निर्माण होगा। कैबिनेट मंत्री श्री देवांगन ने कहा की सुशासन की सरकार एक ही पहचान है विकास और तेज विकास। ट्रिपल इंजन की सरकार में कोरबा नगर के विकास के लिए पर्याप्त राशि मिल रही है। उन्होने अधिकारियों से समयसीमा में पूरी गुणवत्ता के साथ काम करने के निर्देश दिया। इस अवसर पर पार्षद श्रीमती वर्षा दिनेश वैष्णव, अनुज जायसवाल, अशोक चावलानी, नरेंद्र देवांगन, पंकज देवांगन, अजय गौंड, श्रीमती ज्योति वर्मा, सोनू भाटिया, भाजपा जिला उपाध्यक्ष प्रफुल्ल तिवारी, मंडल अध्यक्ष राजेश राठौर, धर्मपाल सोलंकी, नितिन चतुर्वेदी, पुनीराम साहू, ईश्वर साहू, प्रकाश अग्रवाल सहित दोनों वार्ड के गणमान्य जन उपस्थित रहे।























