फलेन्द्र सिंह की तृतीय पुण्यतिथि पर प्रतिमा का अनावरण, याद किये गए कार्य

कोरिया बैकुंठपुर। कुंडेली सरभोंका बाज़ार में सोमवार को स्वर्गीय फलेन्द्र सिंह जी की तृतीय पुण्यतिथि के अवसर पर भव्य प्रतिमा अनावरण समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, जनप्रतिनिधि एवं राजनीतिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे। स्व. फलेन्द्र सिंह जी के अनुयायियों और परिजनों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके सामाजिक योगदान को स्मरण किया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल उपस्थित रहे। उन्होंने स्व. फलेन्द्र सिंह जी की प्रतिमा का अनावरण करते हुए कहा कि फलेन्द्र सिंह जी हमेशा समाज के गरीब, वंचित और पिछड़े तबकों के ह$क की आवाज़ उठाने वाले नेता थे। उनके आदर्श और संघर्ष आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। मंत्री जायसवाल ने कहा कि ऐसे कर्मठ और ईमानदार व्यक्तित्व को श्रद्धांजलि देना हमारे लिए सौभाग्य की बात है। कार्यक्रम में सांसद चिंतामणि महाराज , पूर्व गृह मंत्री रामसेवक पैकरा , कोरिया भाजपा जिला अध्यक्ष देवेंद्र तिवारी , मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर भाजपा जिला अध्यक्ष श्रीमती चंपा देवी पावले, सहित पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी, कार्यकर्ता साथी एवं गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में शामिल हुए। सभी ने फलेन्द्र सिंह जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और उनके द्वारा किए गए जनहितैषी कार्यों को याद किया। सांसद चिंतामणि महाराज ने अपने संबोधन में कहा कि स्व. फलेन्द्र सिंह जी ने सदैव जनता की भलाई के लिए कार्य किया। वे सदैव संगठन के सच्चे सिपाही रहे और समाज में एकता, भाईचारा और विकास की भावना को सशक्त बनाया। पूर्व गृह मंत्री रामसेवक पैकरा ने कहा कि फलेन्द्र सिंह जी का जीवन त्याग और सेवा का प्रतीक रहा है। उनके पदचिह्नों पर चलना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। कोरिया भाजपा जिला अध्यक्ष देवेंद्र तिवारी ने कहा कि पार्टी को ऐसे समर्पित कार्यकर्ता पर गर्व है, जिन्होंने अपने जीवन में सदैव संगठन को प्राथमिकता दी। इस अवसर पर वक्ताओं ने फलेन्द्र सिंह जी के जीवन की प्रेरणादायी घटनाओं को साझा किया और युवाओं से उनके आदर्शों को अपनाने की अपील की। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित जनसमूह ने दो मिनट का मौन रखकर स्वर्गीय फलेन्द्र सिंह जी की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। आयोजन स्थल पर पूरे क्षेत्र में श्रद्धा और सम्मान का वातावरण बना रहा। स्थानीय निवासियों ने इस आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस प्रकार, स्व. फलेन्द्र सिंह जी की तृतीय पुण्यतिथि का यह आयोजन न केवल श्रद्धांजलि कार्यक्रम रहा, बल्कि समाज और राजनीति में उनके योगदान को याद करने का एक सार्थक अवसर भी बना।

RO No. 13467/11