
बाराबंकी : उत्तर प्रदेश भाजपा ने जिले में अध्यक्ष पद पर एक वर्ष से चल रही उठापटक व कयासों पर बुधवार देर रात विराम लगा दिया। प्रदेश नेतृत्व ने राम सिंह उर्फ भुल्लन वर्मा के नाम पर अंतिम मुहर लगाकर सूची जारी की। उनके नाम की घोषणा कर भाजपा ने चौंकाया जरूर, लेकिन ताजपोशी अप्रत्याशित नहीं रही। भाजपा नेतृत्व ने राम सिंह उर्फ भुल्लन वर्मा को अध्यक्ष बरकरार रख एक तीर से कई निशाने साधे हैं। कार्यकर्ताओं को स्पष्ट संदेश देने के साथ ही भाजपा ने पीडीए के एक बड़े वर्ग (कुर्मी) मतदाताओं को साधने का प्रयास किया है। भुल्लन मूलरूप से जैदपुर विधानसभा क्षेत्र के मसौली के रहने वाले हैं। वर्ष 2012 में हुए परिसीमन से पहले मसौली विधानसभा क्षेत्र हुआ करता था। परिसीमन के बाद अब जैदपुर (सुरक्षित) के नाम से विधानसभा क्षेत्र बना है।
जिले के कद्दावर नेता रहे स्व. बेनी प्रसाद वर्मा व उनके पुत्र राकेश वर्मा इस सीट से कई बार सदन पहुंच चुके हैं। आज भी उनका इस क्षेत्र में प्रभाव परिणामों में झलकता है। मसौली ही नहीं जिले के कुर्मी मतदाताओं में बेनी बाबू के प्रति अपनत्व का भाव झलकता है। कुर्सी, जैदपुर, दरियाबाद व रामनगर विधानसभा क्षेत्र में कुर्मी मतदाता निर्णायक भूमिका में रहते हैं। ऐसे में भाजपा का यह कदम खास रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है। राजनीतिक हलकों में भाजपा के कदम को इस वर्ग के बड़े वोट बैंक को साधने के रूप में देखा जा रहा है। इसके साथ ही बेनी प्रसाद वर्मा परिवार के प्रभाव को चुनौती देने की दिशा में उठाया गया रणनीतिक कदम भी माना जा रहा है। आगामी पंचायत व विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए भाजपा ने संगठन को नए सिरे से ऊर्जा देने के साथ जातीय समीकरण व संतुलन बनाने का भी प्रयास किया है।


































