
कोरबा। शहर की बिगड़ती यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। मुख्य मार्गों और बाजार क्षेत्र में कहीं भी वाहन खड़ा कर आवागमन में बाधा उत्पन्न करने वाले वाहन चालकों पर शिकंजा कसते हुए पुलिस ने लॉक (व्हील क्लैम्प) की कार्रवाई की।
यह अभियान ट्रांसपोर्ट नगर चौक से पुराना बस स्टैंड तक चलाया गया, जहां सडक़ किनारे और नो-पार्किंग जोन में खड़ी कई दोपहिया और चारपहिया वाहनों पर लॉक लगाकर जुर्माना किया गया। कार्रवाई के दौरान वाहन चालकों में हडक़ंप की स्थिति देखी गई। शहर के व्यस्ततम मार्गों में गाडिय़ों की मनमानी पार्किंग से रोजाना जाम की स्थिति बन रही थी। खासकर ट्रांसपोर्ट नगर चौक, पुराना बस स्टैंड और आसपास के व्यावसायिक क्षेत्रों में वाहन सडक़ के बीचों-बीच या फुटपाथ पर खड़े कर दिए जाते थे, जिससे राहगीरों और अन्य वाहन चालकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। ट्रैफिक पुलिस अधिकारियों ने बताया कि लगातार मिल रही शिकायतों और बढ़ती अव्यवस्था को देखते हुए यह अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों पर व्हील लॉक लगाकर चालान काटा गया। संबंधित वाहन मालिकों को जुर्माना अदा करने के बाद ही वाहन मुक्त किए गए। पुलिस ने स्पष्ट किया कि यह कार्रवाई केवल एक दिन की नहीं, बल्कि नियमित रूप से जारी रहेगी।
पुलिस की अपील
ट्रैफिक पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करें और नो-पार्किंग जोन में वाहन खड़ा न करें। नियमों की अनदेखी करने पर आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि शहर में निर्बाध और सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करना प्राथमिकता है और इसके लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।




















