
31 जनवरी तक सडक़ सुरक्षा पर होगा कामकाज
कोरबा। ट्रैफिक की टीम ने आज नेशनल हाइवे 130 पर कटघोरा-पाली मार्ग पर वाहनों की गति सीमा की जांच की। स्पीडोमीटर के जरिए इस काम को किया गया। इसमें कई प्रकार के विकल्प का भरपूर उपयोग करने के साथ वाहन चालकों को सतर्क करने की कोशिश भी की गई।
एक जनवरी से सडक़ सुरक्षा जागरूकता को लेकर जिले में अभियान शुरू किया गया है जो 31 जनवरी तक सतत चलेगा। इसके अंतर्गत वाहन चालकों को यातायात नियमों की जानकारी देने के अलावा नेत्र परीक्षण, गाडिय़ों की फिटनेस जांच, सुरक्षा से संंबंधित सभी पहलुओं के बारे में मार्गदर्शन देने का काम किया जा रहा है। इसके साथ ही शैक्षणिक संस्थानों और सार्वजनिक स्थानों पर भी ट्रैफिक की टीम कैंपेन कर रही है। विशेष जोर इस बात पर है कि लोग यातायात नियमों को जानें और उसे माने भी। गुरुवार को अधिकारियों के निर्देश पर असिस्टेंड सब इंस्पेक्टर मनोज राठौर के साथ फील्ड स्टाफ ने एनएच 130 पर उपस्थिति दर्ज कराई। स्पीडोमीटर से गाडिय़ों की गति सीमा जांच की गई। बताया गया कि अब मैनुअल सिस्टम के बजाय इस पैटर्न को हाथ में लिया गया है। इसी के जरिए कार्यवाही की जा रही है। सडक़ सुरक्षा माह के दूसरे पखवाड़े की समाप्ति से पहले संबंधित गतिविधियों को तेज किया गया है। पुलिस ने कहा कि वाहन चालक नियमों को मानेंगे तो सुरक्षित रहेंगे।





















