
कोरबा। मजदूर क्षेत्र में काम करने वाले संगठन बीएमएस के सहयोगी अखिल भारतीय कोयला कर्मचारी संघ ने एसईसीएल में लगातार दूसरी बार सबसे अव्वल स्थान बनाया है। इस उपलक्ष्य में आज वह विजय उत्सव के साथ कार्यकर्ता सम्मेलन कुसमुंडा में कर रहा है।
बीएमएस के राष्ट्रीय अध्यक्ष हरेन पंड्या, कोयला कर्मचारी संघ के अध्यक्ष सहित राष्ट्रीय महामंत्री, अनेक प्रतिनिधि और एसईसीएल के सभी 14 क्षेत्रों से पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं की मौजूदगी कुसमुंडा में हो रही है। सभी क्षेत्रों से रैली के साथ कार्यकर्ता कुसमुंडा आ रहे हैं। एरिया महामंत्री रमेश गुरुद्वान ने बताया कि संगठन को मिली सफलता से हर कोई उत्साहित है। उसके द्वारा विजय उत्सव की परिकल्पना इसी पर केंद्रित है। चूंकि बड़े पदाधिकारी यहां आ रहे हैं इसलिए उनके मार्गदर्शन का लाभ लेने के लिए कार्यकर्ता सम्मेलन रखा गया है। इसके माध्यम से जहां संगठन को नई ऊर्जा प्राप्त होगी, वहीं आगे की रणनीति बनाने के साथ क्रियान्वयन करना आसान होगा। उन्होंने बताया कि मजदूर हितों के साथ-साथ उद्योगों के समग्र कल्याण के लिए हमारा संगठन राष्ट्रीय स्तर पर काम कर रहा है और बीते वर्षों में इसने अलग ऊंचाई के साथ अपनी विशेष पहचान बनाई है।