
मोतिहारी (पूर्वी चंपारण)। मोतिहारी में आय से अधिक संपत्ति के मामले में निगरानी विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। निगरानी की टीम ने डेरा नगर थाना क्षेत्र के राजा बाजार स्थित एक शिक्षिका के घर पर छापेमारी शुरू की है।बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई आय से अधिक संपत्ति के आरोपों की जांच के तहत की जा रही है। टीम सुबह से ही घर में मौजूद दस्तावेजों और अन्य संपत्तियों की जांच-पड़ताल में जुटी हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, जिस शिक्षिका के घर छापेमारी की जा रही है, वह शंकर सरैया पंचायत के पूर्व मुखिया की पत्नी बताई जा रही हैं। निगरानी की टीम घर में मौजूद कागजात, चल-अचल संपत्ति से जुड़े दस्तावेज और अन्य अहम जानकारियों को खंगाल रही है। फिलहाल छापेमारी की कार्रवाई जारी है और टीम पूरे मामले की बारीकी से जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही आय से अधिक संपत्ति से जुड़े मामले में आगे की कार्रवाई स्पष्ट हो सकेगी।




















