
पटना, 0८ अगस्त ।
भ्रष्टाचार के खिलाफ बिहार की जांच एजेंसियों की कार्रवाई निरंतर जारी है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत भ्रष्ट लोक सेवकों के खिलाफ लगातार छापेमारी अभियान चल रहा है। इसी कड़ी में बिहार की विशेष निगरानी इकाई (एसवीयू) ने भ्रष्टाचार के खिलाफ शुक्रवार तडक़े एक बड़ी कार्रवाई करते हुए जहानाबाद में पदस्थापित डीएसपी संजीव कुमार के पटना, खगडिय़ा और जहानाबाद स्थित आवासों व अन्य ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की है। यह कार्रवाई आय से अधिक संपत्ति के गंभीर आरोपों के आधार पर की गई है, जिसमें डीएसपी पर 1.52 करोड़ की अवैध संपत्ति जमा करने का आरोप लगाया गया है। मिली जानकारी के अनुसार जांच एजेंसी ने इस मामले में कांड संख्या 16/2025 दर्ज करते हुए संजीव कुमार के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधित 2018) और बीएनएस 2023 की धारा 61(2)(ए) के तहत केस दर्ज किया है।
डीएसपी की ज्ञात आय के स्रोतों की तुलना में उनकी संपत्ति कई गुना अधिक पाई गई है, जिसके बाद यह कार्रवाई की गई। मिली जानकारी के अनुसार, एसवीयू की टीम ने संजीव के तीनों ठिकानों पर कई महत्वपूर्ण दस्तावेज, प्रॉपर्टी डीड, बैंक खातों की जानकारी मिली है। फिलहाल कार्रवाई जारी है।













