
दिल्ली। आर. एडमिरल विकास चावला ने फ्लैग रैंक में प्रमोशन के बाद नई दिल्ली स्थित नेवल हेडक्वार्टर में असिस्टेंट चीफ ऑफ मैटेरियल (डॉकयार्ड एवं रिफिट) का पदभार संभाल लिया। उनके कार्यभार ग्रहण करने के साथ ही नौसेना की डॉकयार्ड और रिफिट संबंधी प्रक्रियाओं में और अधिक मजबूती आने की उम्मीद है। इसकी जानकारी नेवी प्रवक्ता ने दी है। आर. एडमिरल चावला वर्ष 1994 में इंडियन नेवी में कमीशन हुए थे। वे नेशनल डिफेंस एकेडमी, खड़कवासला और नेवल कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग, लोनावाला के पूर्व छात्र रहे हैं। इसके अलावा उन्होंने नई दिल्ली के प्रतिष्ठित नेशनल डिफेंस कॉलेज से भी उच्च प्रशिक्षण प्राप्त किया है। उन्होंने अपने लंबे और महत्वपूर्ण करियर के दौरान आईएनएस रणवीर, आईएनएस मुंबई और आईएनएस तबर पर कई अहम नियुक्तियां निभाईं। इनमें समुद्र में तैनाती से जुड़ी जिम्मेदारियां भी शामिल थीं। वे मुंबई और विशाखापत्तनम दोनों बड़े नेवल डॉकयार्ड में महत्वपूर्ण तकनीकी और प्रशासनिक भूमिकाएं निभा चुके हैं।


















