
पूर्वी दिल्ली, 0२ फरवरी ।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सौ वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में यमुनापार में रविवार को जगह-जगह विराट हिंदू महोत्सव आयोजित किए। हनुमान चालीसा का सामूहिक रूप से पाठ किया गया। इस महोत्सव के जरिये हिंदूओं को एकजुट होने का संदेश दिया गया है। साथ ही यह भी कहा गया है कि बटेंगे तो कटेंगे। सांस्कृतिक, मनोरंजन व धार्मिक कार्यक्रम भी पेश किए गए। चाणक्य सेवा सोसायटी एवं आत्मबोध वेदांत फाउंडेशन ने लक्ष्मी नगर स्थित विश्वकर्मा पार्क में महोत्सव आयोजित किया। इसमेंकवि गजेंद्र सोलंकी व मनवीर मधुर ने काव्यपाठ से राष्ट्रभक्ति की भावना जागृत की। आचार्य विक्रमादित्य ने सनातन जागरण पर अपने विचार रखे। मरघट वाले हनुमान मंदिर के महंत अरुण शर्मा व पंडित धर्मेंद्र शर्मा धर्म, संस्कृति और नैतिक मूल्यों पर प्रेरक उद्बोधन दिए। प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित किया गया तथा अंत में लकी ड्रा निकाला गया। श्रीमद्भागवत की पुस्तकें श्रद्धालुओं में निश्शुल्क वितरित की गईं। उधर आईपी एक्सटेंशन में संस्कृति राहगिरी एवं हिंदू सम्मेलन का आयोजन किया गया। इमसें अधिक संख्या में सोसायटी व रिहायशी क्षेत्रों में रहने वाले लोगों ने भाग लिया। कार्यक्रम हिंदू संस्कृति, देशभक्ति और सामाजिक एकता पर आधारित रहा, जिसने पूरे पूर्वी दिल्ली में एक नई सांस्कृतिक पहचान स्थापित की। विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थियों ने कलाकार सहभागिता की और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। सोसाइटी के सदस्यों द्वारा उत्तराखंडी पारंपरिक नृत्य, दक्षिण भारतीय पारंपरिक नृत्य, पंजाबी लोक नृत्य, हनुमान चालीसा पर सूर्य नमस्कार, योग पिरामिड, जूडो एवं कराटे द्वारा आत्मरक्षा प्रदर्शन सहित अनेक सांस्कृतिक और शारीरिक गतिविधियां प्रस्तुत की। लायंस क्लब न्यू ब्राइट एवं भारत विकास परिषद (प्रभात शाखा) द्वारा मेडिकल शिविर लगाया गया।हरे राम हरे कृष्णा एक्सटेंशन द्वारा भव्य हरि कीर्तन प्रस्तुत किया गया। पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से आयुष्मान शोध संस्थान द्वारा 500 पौधों का निश्शुल्क वितरण किया गया। आकर्षण के रूप में छह लकी ड्रा निकाले गए, जिनमें चांदी के सिक्के, जूते के गिफ्ट वाउचर और कास्मेटिक गिफ्ट वाउचर पुरस्कार के रूप में प्रदान किए गए। कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, इंद्रप्रस्थ जिला के जिला संचालक संजीव तिवारी मुख्य वक्ता के रूप में रहे।उन्होंने हिंदू संस्कृति, सामाजिक समरसता और राष्ट्रभक्ति के महत्व पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में आयोजक अपर्णा गोयल, प्रमुख समाजसेवी प्रमोद अग्रवाल, मोहित शर्मा, नवनीत अग्रवाल, धीरज अग्रवाल, विद्यानंद सिन्हा, राकेश वर्मा, मोना सिंह एवं निशा अग्रवाल मौजूद रहे।
प्रमोद अग्रवाल ने कहा कि हर राहगिरी कार्यक्रम पूरे यमुनापार में सिर्फ आईपी एक्सटेंशन में होता है। आर्यनगर अपार्टमेंट में सम्मेलन हुआ। सम्मेलन के संयोजक रजत कुमार, बलदेव गुप्ता, प्रमोद अग्रवाल, शैलेंद्र नाथ, लक्ष्मी चंद, सुधीर अग्रवाल, रवी मोहन, ओम प्रकाश वर्मा, जिला संघ चालक संजीव मौजूद रहे। मयूर विहार फेज-तीन स्थित प्राचीन मनोकामना हनुमान पीपल मंदिर में सम्मेलन हुआ। गर्म कपड़ों का वितरण किया गया। इसमें मंदिर ट्रस्ट के संस्थापक नंद गोपाल मिश्रा, नारायण गुप्ता, प्रेम सिंह,भारत साहू, सुंदर सिंह रावत, जगदीश मौजूद रहे। पश्चिमी ज्योति नगर क्षेत्र में सम्मेलन हुआ। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ दिल्ली प्रांत सह बौद्धिक प्रमुख सतीश ने समाज में सामाजिक समरसता, समानता और पारंपरिक सम्मान का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि संत परंपरा ने सदैव भेदभाव से ऊपर उठकर मानवता और एकता का मार्ग दिखाया है।

















