
बिहार से कोरबा पहुंचा हथियार,जांच जारी
कोरबा। बालकोनगर क्षेत्र में एक युवती के घर पर गोली चलाने के सनसनीखेज मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी साहिल मसीह को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। वहीं, घटना में प्रयुक्त हथियार उपलब्ध कराने वाले आरोपी विवेक सिंह की तलाश तेज कर दी गई है। वह फिलहाल फरार बताया जा रहा है।
बालको क्षेत्र में एक युवती के घर पर अज्ञात कारणों से गोली चलाई गई थी, जिससे इलाके में दहशत फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस को यह स्पष्ट हुआ कि गोली चलाने की वारदात को साहिल मसीह ने अंजाम दिया था। साक्ष्यों और तकनीकी जानकारी के आधार पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह तथ्य सामने आया है कि घटना में जिस हथियार का उपयोग किया गया, वह आरोपी को विवेक सिंह द्वारा उपलब्ध कराया गया था। सूत्रों के अनुसार, यह हथियार बिहार से बालकोनगर पहुंचाया गया था। हालांकि, पुलिस अभी इस कड़ी की गहन जांच कर रही है कि हथियार किस माध्यम से और किन लोगों की मदद से यहां तक पहुंचा। हथियार सप्लाई करने के आरोपी विवेक सिंह की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की विशेष टीम गठित की गई है। संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। गिरफ्तार आरोपी साहिल मसीह को आज न्यायालय में पेश किया जा रहा है। पुलिस रिमांड की मांग कर सकती है, ताकि घटना से जुड़े अन्य पहलुओं और संभावित साजिश की परतें खोली जा सकें।




















