वॉर्ड बॉय की संदिग्ध मौत, परिजनों ने लगाया लापरवाही का आरोप

अकलतरा। नगर स्थित कुंवर भुवन भास्कर सिंह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उस समय हडक़ंप मच गया जब अस्पताल में नाइट ड्यूटी कर रहे वॉर्ड बॉय का शव ऑपरेशन थिएटर के अंदर संदिग्ध अवस्था में मिला।
जानकारी के अनुसार सम्मेलाल सिदार बीती रात नाइट ड्यूटी के लिए घर से अस्पताल आए थे। सुबह करीब 10 बजे जब अस्पताल के अन्य कर्मचारी पहुंचे तो ऑपरेशन थिएटर के अंदर वे अचेत अवस्था में पड़े मिले। कर्मचारियों ने तत्काल इसकी सूचना बीएमओ डॉ. महेंद्र सोनी को दी। बीएमओ के द्वारा मौके पर पहुंचकर जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन अस्पताल पहुंचे और अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया तथा मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। मृतक के परिजन बहोरमती जगत और संतोष जगत ने कहा कि यह अस्पताल प्रबंधन की घोर लापरवाही है कि एक कर्मचारी पूरी रात ड्यूटी के दौरान मृत पड़ा रहा और किसी को इसकी जानकारी तक नहीं हुई। उन्होंने शासन-प्रशासन से मामले की जांच कर
दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है। बीती रात सम्मेलाल सिदार ने अस्पताल के दो अन्य कर्मचारियों के साथ शराब का सेवन किया था। बताया जा रहा है कि अस्पताल के सीसीटीवी फुटेज की जांच से इस संबंध में और तथ्य सामने आ सकते हैं। फिलहाल मामले को लेकर जांच की मांग तेज हो गई है।

RO No. 13467/10