
जांजगीर-गोधना। जिले के दर्जनभर गांवों में किसानों की मेहनत पर पानी फिरने की नौबत आ गई है। नहरों से टेल एरिया तक पानी नहीं पहुंच रहा और ऊपर से बारिश भी रुक गई है। ऐसे में खेत सूख गए हैं और फसल मुरझाने लगी है। किसान परेशान हैं, लेकिन अब तक प्रशासन की तरफ से कोई मदद नहीं मिली है। गोधना, कुरियारी, पोंड़ी, तुस्मा, बोरदा, बेल्हा, रिंगनी, कुकदा, सलखन और लोहर्सी जैसे गांवों में सैकड़ों किसान नहर के पानी का इंतजार कर रहे हैं, लेकिन टेल एरिया तक बूंद भी नहीं पहुंची। खेतों की मिट्टी दरकने लगी है। किसान बोले- तीन-चार दिन में सूख जाएगी फसल ग्राम कुरियारी के किसान अनंत राम कश्यप ने बताया कि कर्ज लेकर खेत तैयार किए, बीज डाला। लेकिन अब खेत में एक बूंद भी पानी नहीं है। बारिश होती तो बात कुछ और थी, लेकिन न ऊपर से पानी आया न नीचे से। दो-चार दिन में पानी नहीं मिला तो पूरी फसल सूख जाएगी। किसान जगन्नाथ यादव ने बताया कि गांव के किसानों का एक समूह जल्द ही जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपेगे। उनका कहना है कि सरकार को जल्द टेल एरिया तक नहर का पानी पहुंचाना चाहिए। प्रशासन ने नहीं ली सुध, किसान करेंगे प्रदर्शन किसानों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही नहर से पानी नहीं छोड़ा गया, तो वे विरोध प्रदर्शन करेंगे। उनका कहना है कि सिर्फ मुख्य इलाकों तक पानी छोडक़र सरकार अपनी जिम्मेदारी से नहीं बच सकती। टेल एरिया के गांवों को भी बराबरी से पानी मिलना चाहिए।





















