
वाशिंगटन, 0५ दिसम्बर ।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रूस-यूक्रेन युद्ध रुकवाने की अपनी कोशिशों के लिए खुद की पीठ थपथपाई। उन्होंने कहा कि अमेरिका पूरी दुनिया में शांति ला रहा है। ट्रंप ने कहा हम इतनी तेजी से युद्ध रुकवा रहे हैं कि पहले ऐसा कभी नहीं देखा गया। ट्रंप ने ये भी कहा कि रूसी राष्ट्रपति पुतिन ने हाल ही में अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात में संकेत दिए हैं कि वे युद्ध खत्म करना चाहते हैं। डोनाल्ड ट्रंप ने एक बयान में कहा, हम इतनी तेजी से युद्ध रुकवा रहे हैं कि पहले ऐसा कभी नहीं देखा गया। हम अब तक आठ युद्ध रुकवा चुके हैं। अब हम एक और युद्ध रुकवाने की कोशिशों में जुटे हैं और वो है रूस-यूक्रेन युद्ध और हमें लगता है कि हम आखिरकार युद्ध रुकवाने में कामयाब होंगे। बीते हफ्ते 8000 सैनिक मारे गए। बीते महीने 27 हजार सैनिक मारे गए। हमें इसे रोकना होगा और हम इसे रोकने के लिए कड़ी मेहनत कर भी रहे हैं।
वहीं रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने साफ कहा कि मॉस्को अपने सुरक्षा हितों से कोई समझौता नहीं करेगा। हाल ही में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के विशेष प्रतिनिधि जेरेड कुशनर और स्टीव विटकॉफ ने मॉस्को में रूसी राष्ट्रपति पुतिन के प्रतिनिधियों से मुलाकात की थी। यह मुलाकात पांच घंटे चली थी लेकिन बैठक किसी नतीजे पर नहीं पहुंच सकी। बैठक के बाद एक बयान में पुतिन ने कहा यह एक जरूरी और काम की बातचीत थी, लेकिन सहमति बनाना एक मुश्किल काम है।


















