‘बांग्लादेश को सभी धर्मों के लिए बनाएंगे सुरक्षित’, प्रधानमंत्री तारिक का देश के नाम पहला बड़ा संदेश

ढाका। बांग्लादेश के नए प्रधानमंत्री तारिक रहमान ने बुधवार को देश में कानून के शासन को मजबूत करने का संकल्प लिया और कहा कि उनकी सरकार देश को सभी धर्मों के लोगों के लिए एक सुरक्षित स्थान के रूप में बदल देगी। शपथ ग्रहण के बाद राष्ट्र के नाम अपने पहले टेलीविजन संबोधन में सरकार की प्राथमिकताओं को रेखांकित किया।

उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था की स्थिति को सुधारना और भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाना उनकी शीर्ष प्राथमिकताएं हैं। बता दें कि रहमान सरकार बनने से पहले मोहम्मद यूनुस के नेतृत्व वाली अंतरिम सरकार के दौरान अल्पसंख्यकों खासतौर पर हिंदुओं के खिलाफ हमले काफी बढ़ गए थे।

तारिक रहमान ने अपनी कैबिनेट के मंत्रियों को विभागों का बंटवारा कर दिया है। उन्होंने खलीलुर रहमान को विदेश मंत्रालय की जिम्मेदारी सौंपी है। वह मोहम्मद यूनुस के नेतृत्व वाली अंतरिम सरकार में राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (एनएसए) रह चुके हैं। प्रधानमंत्री ने बुधवार को अपनी कैबिनेट के साथ पहली बैठक की।

तारिक रहमान ने मंगलवार को प्रधानमंत्री पद की शपथ ली। उनके साथ 49 सदस्यीय कैबिनेट ने भी शपथ ली। बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) ने 20 साल बाद देश की सत्ता में वापसी की है। प्रधानमंत्री ने बीएनपी की वरिष्ठ नेता शमा उबैद को विदेश राज्यमंत्री नियुक्त किया है।

RO No. 13467/10