
बेंगलुरू, 0४ फरवरी ।
बेंगलुरु में 31 वर्षीय एक महिला पर रॉटवीलर नस्ल के कुत्ते ने हमला कर दिया। इस हमले में महिला के चेहरे और गर्दन पर गंभीर चोटें आईं हैं। घायल महिला की लगभग आठ घंटे लंबी सर्जरी की गई। इस मामले में पुलिस ने इसके मालिक के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार, यह घटना 26 जनवरी को तब हुई, जब एचएसआर लेआउट के टीचर्स कालोनी में रहने वाली शालिनी दुबे सुबह अपने घर के पास टहलने के लिए निकली थीं।
घटना से संबंधित सीसीटीवी फुटेज में कुत्ते को सडक़ पर महिला की ओर दौड़ते हुए, उन्हें नीचे गिराते और उनके चेहरे और गर्दन पर बार-बार काटते हुए देखा गया है।महिला के परिवार ने आरोप लगाया कि कुत्ते के मालिक ने उसे बिना पट्टे के सडक़ पर खुला छोड़ दिया था। कुत्ते के मुंह पर किसी प्रकार का कोई कवर भी नहीं लगा था। शालिनी के पति सत्य प्रकाश दुबे ने बताया कि इस हमले में शालिनी को चेहरे, गले और सिर पर गहरी चोटें आई हैं। उन्हें 80 से अधिक टांके लगे हैं। उनकी सर्जरी आठ घंटे तक चली। वह अभी अस्पताल में भर्ती हैं। सत्य प्रकाश ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि 26 जनवरी को सुबह 6.50 बजे जब शालिनी टहल कर वापस आ रही थी, तब यह घटना हुई। उन्होंने कहा कि यदि मालिक इतने बड़े कुत्ते को नियंत्रित नहीं कर सकता था तो उसे कभी भी खुला नहीं छोड़ा जाना चाहिए था। सार्वजनिक स्थानों पर सुरक्षा नियमों का पालन करना और कुत्ते को पट्टा व मुखौटा पहनाकर रखना मालिक की जिम्मेदारी है।
उन्होंने बताया कि मेरी पत्नी गहरे सदमे में है। चिकित्सकों के अनुसार, उनके चेहरे और शरीर पर चोट के निशान उम्र भर रहेंगे। शिकायत के बाद कुत्ते के मालिक अमरेश रेड्डी के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें हिरासत में ले लिया गया है।





















