
बैकुंठपुर। नगर निगम चिरमिरी अंतर्गत भुकभुकी नाला के पास एक बुजुर्ग महिला करीब 400 फीट गहरी खाई में गिर गई थी। 2 दिन से वह खाई में ही पड़ी थी। इसी बीच युवाओं की टीम ने साहस दिखाते हुए खाई में उतरकर महिला का रेस्क्यू किया। युवाओं ने लकड़ी और रस्सी के सहारे ढोकर महिला को ऊपर लाया। महिला गंभीर रूप से जखमी थी। उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खड$गवां में भर्ती कराया गया है। महिला अपना नाम व पता ठीक से नहीं बता पा रही है। चिरमिरी नगर निगम वार्ड क्रमांक 34 के पार्षद राहुल भाई पटेल ने बताया कि बुधवार सुबह निगम कार्यालय जा रहा था। उसी समय भुकभुकी नाला के पास सन्नी, निशांत और मोंटी ने बताया कि कोई महिला खाई में नीचे गिरी दिख रही है। इसके बाद हम महिला को खोजने खाई की ओर चले गए। खाई गहरी होने के कारण हमें लौटना पड़ा। इसके बाद कुछ अन्य युवाओं सुभाष महतो, आर्केश, धीरज देवांगन, और अंशु राजवाड़े के साथ खाने का सामान, पानी लेकर सभी धीरे-धीरे खाई में नीचे उतरे। यहां 400 से 500 फीट नीचे एक बुजुर्ग महिला गंभीर रूप से जख्मी पड़ी थी, संभवत: दो दिन पहले वह पहाड़ के ऊपर से गिर गई थी। महिला को काफी चोटें आई हैं। वह चोटिल अवस्था में 2 दिन से पानी पीकर जिंदा थी। पार्षद ने बताया कि महिला ने जब हमें देखा तो खुद को बचाने की गुहार लगाई। इसके बाद उसे कुछ खिलाकर सभी ने सुरक्षित ले जाने का दिलासा दिया। पार्षद पटेल ने बताया कि बुजुर्ग महिला को ढोकर खाई से ऊपर चढऩा मुश्किल था। इसलिए सभी ने लकड़ी और रस्सी के सहारे बारी-बारी ढोकर पैदल 4 किलोमीटर दूर दुबछोला पहुंचे। इफिर गाड़ी मंगाकर खड$गवां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। फिलहाल अस्पताल में प्रारंभिक उपचार के बाद महिला की हालत बेहतर है। लेकिन अपने घर का ठीक से पता नहीं बता पा रही है। वह अपना नाम मुन्नी, बेटी का नाम लक्ष्मनिया व बेटे का नाम दुर्गेश बता रही है। पार्षद ने लोगों से अपील की है कि यदि कोई इस परिवार को जानता है तो उन तक जानकारी पहुंचाएं। वहीं रेस्क्यू के बाद चिरमिरी के युवाओं के साहसिक कार्य की लोग सराहना कर रहे हैं। उनका कहना है कि करीब 400 फीट नीचे गहरी खाई में विपरीत परिस्थितियों के बावजूद महिला को बचाने का प्रयास मानवता के लिए एक मिसाल है।