
गढक़लेवा की महिलाओं का हुआ सम्मान
कोरबा। जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह ने जोर देकर कहा है कि दुनिया की आधी आबादी का मतलब ही है कि महिलाओं की उपस्थिति और हर क्षेत्र में उनकी भागीदारी सामान्य से लेकर तकनीकी और अन्य क्षेत्र में महिलाएं अपनी भूमिका निभा रही है इसलिए उनकी भूमिका का सम्मान होना चाहिए।
कटघोरा के गढक़लेवा परिसर में विश्व महिला दिवस पर आयोजित सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए डॉ. पवन ने यह बात कही। यहां पर गढक़लेवा संचालन से जुड़ी महिलाओं का सम्मान किया गया। उन्हें शॉल, श्रीफल और प्रतीक चिन्ह दिए गए। गढक़लेवा के माध्यम से सरकारी कर्मियों सहित जन सामान्य की खाद्यान्न जरूरतें पूरी हो रही है। प्रशासन की ओर से बीते वर्ष इस आयाम को शुरू कराया गया और महिलाओं की समूह को आर्थिक रूप से सशक्त करने की दिशा में कोशिश की गई। जिला पंचायत अध्यक्ष ने गुरुवार को आयोजित कार्यक्रम में कहा कि हर कालखंड में महिलाओं ने अपनी बेहतर भूमिका का निर्वहन करने के साथ एक सार्थक उदाहरण प्रस्तुत किया है। उन्होंने कहा कि महिलाओं के जीवन स्तर को बेहतर करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व वाली सरकार कई योजनाएं चला रही है। कुल मिलाकर इनके पीछे उद्देश्य यही है कि महिलाओं की जिंदगी को अच्छा किया जाए और उन्हें सामाजिक सुरक्षा भी दी जाए। कार्यक्रम को अन्य वक्ताओं ने संबोधित किया और महिलाओं को विश्व महिला दिवस की बधाई दी। श्रेया संगठन की अध्यक्ष ने इस बात के लिए जनप्रतिनिधियों और प्रशासन के अधिकारियों का आभार जताया कि उन्होंने हमारी जरूरतों को समझा और इसे पूरा करने पर ध्यान दिया। यही कारण है कि हम गढक़लेवा के माध्यम से प्रतिदिन लोगों को भोजन और जलपान की सेवा मुहैया करा पा रहे हैं। अलग-अलग क्षेत्र में काम करने वाले गणमान्यजन और मीडिया कर्मी भी इस कार्यक्रम में शामिल हुए।















