
स्वावलंबन के लिए सरकार की योजनाएं काफी महत्वपूर्ण
कोरबा। नगर पंचायत छुरिकला की अध्यक्ष पद्मिनी प्रीतम देवांगन ने महिला सशक्तिकरण को समाज की प्रगति का आधार बताते हुए कहा कि महिलाओं को स्वावलंबी बनने की दिशा में निरंतर प्रयास करना चाहिए। उन्होंने मीडिया से चर्चा करते हुए कहा कि आज के दौर में महिलाओं के लिए शिक्षा, रोजगार और आत्मनिर्भरता के अनेक अवसर उपलब्ध हैं, जिनका लाभ उठाकर वे अपने परिवार और समाज के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं।
उन्होंने कहा कि महिलाओं के कल्याण और सशक्तिकरण के लिए केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार और छत्तीसगढ़ की विष्णु देव साय सरकार द्वारा कई जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं। इन योजनाओं के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक, सामाजिक और शैक्षणिक रूप से मजबूत बनाने की दिशा में लगातार कार्य हो रहा है।
उच्च शिक्षित पद्मिनी प्रीतम देवांगन ने कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने के साथ-साथ महिलाओं को अपनी क्षमता और कौशल को विकसित करने की भी आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि जब महिलाएं आत्मनिर्भर बनेंगी, तब समाज और देश दोनों की प्रगति तेज होगी। उन्होंने महिलाओं से शिक्षा, स्वरोजगार और आत्मनिर्भरता की ओर कदम बढ़ाने का आह्वान करते हुए कहा कि सशक्त महिला ही मजबूत समाज की आधारशिला होती है।














