
अकलतरा। अकलतरा अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर नगर के वार्ड क्रमांक 4 स्थित संजय नगर सामुदायिक भवन में महिला और बाल विकास विभाग द्वारा महतारी वंदन सम्मेलन तथा मेगा हेल्थ कैंप आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला सहकारी केंद्रीय बैंक बिलासपुर की उपाध्यक्ष रजनी साहू, जनपद पंचायत अध्यक्ष शकुन अघरिया, नगर पालिका अध्यक्ष दीप्ति सारथी, पार्षद सुनीता सिंह और महिला एवं बाल विकास अधिकारी राजेश्वरी पाटले की उपस्थिति में हुआ। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने वर्चुअल माध्यम से महिलाओं को संबोधित किया।
रजनी साहू ने कहा कि आज महिलाएं शिक्षा, विज्ञान, राजनीति, व्यापार और तकनीक जैसे क्षेत्रों में अपनी पहचान बना रही हैं। महतारी वंदन योजना के माध्यम से प्रतिमाह 1000 रुपए की राशि मिलने से महिलाएं आर्थिक रूप से मजबूत हो रही हैं और छोटे-छोटे व्यवसाय शुरू कर आत्मनिर्भर बन रही हैं। उन्होंने महिलाओं से सरकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ लेने की अपील की। जनपद पंचायत अध्यक्ष शकुन अघरिया ने कहा कि महिलाएं छोटे स्तर पर व्यवसाय शुरू कर न सिर्फ अपनी आर्थिक स्थिति सुधार रही हैं, बल्कि राज्य और देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं। उन्होंने कहा केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं से महिलाओं की स्थिति में निरंतर सुधार हुआ है। नपा अध्यक्ष दीप्ति सारथी व पार्षद सुनीता ने भी अपने विचार रखे।





















