कर वसूल करने अंतिम दिनों में हो रही मशक्कत, अवकाश के दिन भी कर रहे काम

जांजगीर-चांपा । नगर पालिका का पूरा अमला इन दिनों जल कर, संपत्ति कर, समेकित कर सहित अन्य करों की वसूली में दिन रात मशक्कत कर रहा है। शहर में पालिका को तकरीबन 3 करोड़ 67 लाख रुपए की कर वसूली करनी है, जिसके विरूद्ध अभी करीब 75 फीसदी वसूली हो सकी है। वसूली का शत प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने अवकाश के दिनों में काम किया जा रहा है।
गौरतलब है कि नगर पालिका परिषद द्वारा शहरी सीमा अंतर्गत निवासरत जनता और व्यापारियों से विभिन्न प्रकार के कर वसूल किए जाते है, वैसे तो कर जमा करने की कोई समय सीमा नहीं होती। साल भर कर जमा करने की प्रक्रिया चलती रहती है, लेकिन वित्तीय वर्ष की समाप्ति में इस पर ज्यादा ध्यान दिया जाता है। इसी को लेकर नगर पालिका परिषद द्वारा इस बार जांजगीर नैला शहर में 3 करोड़ 67 लाख रुपए की कर वसूली का लक्ष्य रखा गया था। इस लक्ष्य को हासिल करने पालिका का पूरा अमला अंतिम दिनों में पूरी ताकत से जुटा हुआ है। नगर पालिका से मिली जानकारी के अनुसार मार्च महीने में सर्वाधिक वसूली हुई है।अभी लक्ष्य से 70 फीसदी से अधिक की कर वसूली कर ली गई है। शेष राशि की वसूली के लिए राजस्व विभाग की पूरी टीम दिन रात जुटी हुई है। स्थिति यह है कि महीने के आखिरी दिनों में शनिवार रविवार और सोमवार को पड़ रहे अवकाश के दिन भी कर वसूली का काम करने का निर्णय लिया गया है। शनिवार को अवकाश के दिन भी नगर पालिका में कर जमा करने वालों की भीड़ लगी रही। बताया जाता है कि 31 मार्च तक कर जमा करने पर सरचार्ज सहित अन्य शुल्क नहीं देना पड़ेगा। इसके बाद की तिथि में राशि जमा करने पर सरचार्ज लगेगा।
अवकाश के दिन भी जमा ले रहे कर
कर वसूली का काम जोर शोर से चल रहा है। वित्तीय वर्ष समाप्ति में दो दिन शेष है। अवकाश के दिनों में भी कर वसूली का काम कर रहे है। समय की कोई बाध्यता नहीं है। पेनाल्टी से बचने आम जनता को वित्तीय वर्ष समाप्ति के पूर्व कर पटाने प्रेरित कर रहे है। लगभग 75 फीसदी वसूली हो चुकी है। वसूली बढ़ाने पूरा प्रयास जारी है।
-प्रहलाद पाण्डेय,
सीएमओ, नपा जांजगीर नैला

RO No. 13467/9