
देर रात चोरों का कारनामा, एसईसीएल की सुरक्षा व्यवस्था पर प्रश्नचिन्ह
कोरबा। साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड गेवरा क्षेत्र की गेवरा कोयला खदान में चोरों की हरकत से 2 कर्मी जख्मी हो गए। उन्होंने चोरों की हरकत का विरोध किया था, जिस पर उसे मारपीट की गई। पीडि़तों को स्थानीय विभागीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। संगठित चोर गिरोह की गतिविधियों के कारण एक बार फिर से सवाल उठ खड़े हो गए हैं कि आखिर कोयला कंपनी ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कुछ किया भी है या सिर्फ ढिंढोरा पीट रही है।
हमारे गेवरा संवाददाता ने बताया कि बीती रात खुसरुडीह पंप शेड में केबल चोरी की कोशिश के दौरान अज्ञात बदमाशों ने दो पंप ऑपरेटरों पर जानलेवा हमला कर दिया। देर रात करीब 4 से 5 अज्ञात व्यक्ति साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड गेवरा क्षेत्र के अंतर्गत पंप शेड में घुसकर केबल काटने का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान ड्यूटी पर मौजूद पंप ऑपरेटर मोहन सिंह और दुलार साय ने उन्हें रोकने की कोशिश की। बताया गया कि पकड़े जाने के डर से बदमाशों ने दोनों कर्मचारियों पर बुरी तरह से हमला कर दिया और उनके साथ जमकर मारपीट की। इस हमले में दोनों पंप ऑपरेटर गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के अनुसार चोरों ने मौके से कुछ केबल समेटा और आनन फानन में भाग खड़े हुए।
पम्प शेड में हुए घटना क्रम को लेकर पीडि़तों ने किसी तरह आगे जानकारी दी। जिस पर सहकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों घायलों को आधी रात में नेहरू शताब्दी चिकित्सालय, गेवरा में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज जारी है।
सेलफोन छीनकर फेंक दिया
बताया जा रहा है कि हमलावरों ने कर्मचारियों के मोबाइल फोन भी छीनकर फेंक दिया। ऐसा इस इरादे से किया गया ताकि घटना की सूचना तत्काल बाहर न जा सके और वे आसानी से फरार हो सकें। समझा जा सकता है कि चोरी चकारी करने वाले गिरोह परिस्थितियों के आधार पर काफी सतर्क हैं।
पहले भी हो चुके हैं ऐसे मामले
कोरबा जिले के गेवरा, द्वीपका, कुसमुंडा और कोरबा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले कोलफील्डस में पिछले वर्षों में रात्रि कालीन ड्यूटी के दौरान इस प्रकार की घटनाएं हो चुकी है। गिरोह के द्वारा कोयला खदान के साथ-साथ विद्युत सब स्टेशन, वर्कशॉप और स्टोर को निशाना बनाने का काम किया गया है। इन स्थानों से डीजल स्पेयर पाट्र्स सहित अन्य चीजों की चोरी दुष्साहसिक तरीके से की गई और कंपनी को बड़ा नुकसान पहुंचाया गया। जबकि दीपिका क्षेत्र में एक मौके पर डीजल चोर संगठन के द्वारा अपनी गाड़ी से सीआईएसएफ के कर्मचारियों को कुचलने की कोशिश भी की गई।


















