कोरबा। स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, पोड़ी उपरोड़ा में शिक्षा सत्र के 4 महीने बीतने के बाद भी भौतिकी का केवल एक अध्याय पूरा हो सका। एक सप्ताह पहले यहां शिक्षक की नियुक्ति की गई। दीपावली के बाद अर्धवार्षिक परीक्षा होना है। ऐसे में विद्यार्थियों को चिंता है कि वे इसमें उत्तीर्ण कैसे होंगे।
जानकारी मिली कि शिक्षा सत्र 2025-26 के दौरान इस विद्यालय में भौतिक का ज्ञान देने के लिए शिक्षक था ही नहीं। इस दौरान किसी तरह दूसरे विकल्प अपनाए गए और कोशिश की गई लेकिन इसका कोई असर नहीं हुआ। विद्यार्थियों ने अपने तरीके से भौतिकी की विषयवस्तु और फार्मूले को समझने की कोशिश की। खबर है कि एक सप्ताह पहले ही यहां भौतिकी की शिक्षा देने की व्यवस्था की गई। इससे क्या कुछ लाभ हुआ, यह प्रबंधन जानता है और विद्यार्थी। विद्यार्थियों का कहना है कि अर्धवार्षिक परीक्षा में प्रदर्शन क्या कुछ हो सकेगा यह चिंता का विषय है। इधर युवा कांग्रेस के नेता अंकित पाल ने कहा कि शिक्षा व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए काम होना चाहिए। भाजपा शासनकाल में कई प्रकार की दिक्कतें हैं।