नाखूनों के जरिए भी पता चलता है शरीर स्वस्थ है या नहीं, जानिए कैसे

नाखूनों की बदौलत हमारे हाथ सुंदर दिखते हैं और ये हमारी उंगलियों की सुरक्षा भी करते हैं। काफी कम लोग इस बात से वाकिफ हैं कि नाखूनों को देखकर भी यह पता लगाया जा सकता है कि शरीर अंदरूनी तौर पर स्वस्थ है या नहीं। नाखूनों की समस्याएं फेफड़ों की बीमारी या एलर्जी आदि के संकेत दे सकते हैं।आज के लेख में हम आपको बताएंगे कि यह कैसे संभव होता है। अगर आप नाखूनों के जरिए स्वास्थ्य समस्याओं का पता लगाना चाहते हैं तो पहले उनके रंग पर गौर करें। स्वस्थ नाखूनों का रंग गुलाबी होता है, जिनके निचले हिस्से पर थोड़ा सफेद रंग होता है। अगर आपके नाखून पीले हैं तो संभावना है कि आपको फंगल संक्रमण, श्वसन संबंधी समस्या या मधुमेह है। जिनके नाखून सफेद होते हैं उन्हें एनीमिया या हृदय रोग होने का खतरा रहता है। वहीं, नीले नाखून ऑक्सीजन का स्तर कम होने का संकेत देते हैं। हमारे नाखूनों का आकार भी शरीर के बारे में बहुत कुछ कहता है। अगर आपके नाखून ऊपर की ओर मुड़े यानि चम्मच के आकार के हैं तो यह एनीमिया का संकेत है। हृदय रोग और फेफड़ों की बीमारियों की वजह से नाखून उंगलियों के चारों ओर मुडऩे लगते हैं। अगर आपके नाखून बहुत जल्दी बढ़ते हैं तो आप हाइपरथायरायडिज्म का शिकार हैं और अगर वह बहुत धीरे बड़े होते हैं तो आपके शरीर में पोषण की कमी हो सकती है। नाखूनों की बनावट पर ध्यान देकर भी स्वास्थ्य समस्याओं का पता लगाया जा सकता है।

RO No. 13467/ 8