स्टेशन पर चलती ट्रेन से गिरा युवक, हालत गंभीर

अभनपुर। मानिकचौरी रेलवे स्टेशन पर सोमवार को एक दुखद रेल हादसा हुआ, जिसमें एक युवक चलती ट्रेन से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों की त्वरित मदद से घायल को समय रहते अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, गोबरा नवापारा नगर के भोईपारा निवासी पारस कंडरा अपने परिवार के साथ रायपुर जाने के लिए मेमू ट्रेन में सवार हुआ था। बताया जा रहा है कि राजिम स्टेशन पर टिकट नहीं मिलने के कारण वह बिना टिकट यात्रा करने लगा। जब ट्रेन मानिकचौरी स्टेशन पर रुकी, तो पारस टिकट लेने के इरादे से प्लेटफॉर्म पर उतरा। उसी दौरान ट्रेन अचानक चल पड़ी और उसे पकडऩे के प्रयास में पारस फिसलकर नीचे गिर गया। हादसे में उसे गंभीर चोटें आईं। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायल पारस को तुरंत उठाया और एंबुलेंस की व्यवस्था कर उसे अस्पताल भिजवाया। पुलिस के पहुंचने से पहले ही लोगों ने जिम्मेदारी निभाते हुए उसे प्राथमिक उपचार के लिए भेज दिया। पारस की स्थिति गंभीर बनी हुई है, लेकिन समय पर इलाज मिलने से उसकी जान बच सकी। बताया गया है कि मूल रूप से वह दुर्ग का निवासी है और वर्तमान में अपने साढ़ू के घर नवापारा में रहकर काम कर रहा था।

RO No. 13467/11