
बलरामपुर। छत्तीसगढ़ में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है. केशव नाम का एक युवक, जो अपने दो दोस्तों के साथ क्रिकेट मैच देखने गया था, मृत पाया गया. उसका शव वाड्रफनगर चौकी क्षेत्र के अजगरा नाले के जंगल में झाडिय़ों के नीचे छिपा हुआ मिला, जिससे इलाके में दहशत फैल गई। पुलिस को जैसे ही इस घटना की जानकारी मिली, वे तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी. केशव के शरीर पर कई जगह जलने के निशान थे, जिससे यह संदेह पैदा होता है कि उसकी मौत हाई वोल्टेज बिजली के तार की चपेट में आने से हुई होगी. हालांकि, शव को जिस तरह से झाडिय़ों और पत्तों से ढका गया था, उससे हत्या की आशंका भी मजबूत हो रही है। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में ले लिया है और मामले की तफ्तीश कर रही है. घटनास्थल से एक तार भी मिला है, जिसे पुलिस ने आगे की जांच के लिए सुरक्षित रख लिया है. इसके अतिरिक्त, फॉरेंसिक साइंस लैब की टीम भी मौके पर पहुंचकर सबूत इक_ा कर रही है. पुलिस इस मामले की जांच हत्या और दुर्घटना दोनों ही दृष्टिकोणों से कर रही है, ताकि सच्चाई का पता लगाया जा सके।















