अरब सागर से चक्रवाती तूफान ‘तेज’ उठने की आशंका, ओमान-यमन की ओर बढऩे का पूर्वानुमान

नईदिल्ली,21 अक्टूबर ।
अरब सागर में शनिवार को एक और चक्रवाती तूफान उठने का अनुमान है। इसे ‘तेज’ नाम दिया है। इसके 24 घंटे में गंभीर तूफान में बदलकर ओमान और यमन की ओर बढऩे की संभावना जताई गई है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने कहा कि दक्षिण-पूर्व और दक्षिण-पश्चिम अरब सागर के ऊपर दबाव का क्षेत्र विकसित हो गया है, जो 21 अक्तूबर की सुबह तक चक्रवाती तूफान में बदल सकता है। इस साल अरब सागर में यह दूसरा चक्रवाती तूफान होगा। इससे पहले जून में बिपरजॉय ने कहर बरपाया था। आईएमडी के मुताबिक, चक्रवाती तूफान के रविवार को गंभीर चक्रवाती तूफान में बदलने की संभावना है। मौसम का पूर्वानुमान जताने वाली निजी एजेंसी स्काईमेट वेदर के मुताबिक, अधिकांश मॉडल संकेत देते हैं कि तूफान यमन-ओमान तट की ओर बढ़ रहा है। हालांकि, वैश्विक पूर्वानुमान तंत्र इसके अरब सागर के गहरे मध्य भागों में स्थित होने पर पाकिस्तान और गुजरात के तट की ओर बढऩे की संभावना जता रहे हैं।
मौसम विज्ञानियों का कहना है कि कभी-कभी तूफान पूर्वानुमानित पथ से भटक सकते हैं, जैसा चक्रवात बिपरजॉय के समय भी देखा गया था। बिपरजॉय जून में अरब सागर में बना था और शुरू में उत्तर-पश्चिम दिशा में बढऩे के बाद गुजरात में मांडवी और पाकिस्तान में कराची की तरफ गुजरा था।

RO No. 13467/11